बलिया में बदमाशों ने चखना बेचने वाले को मारी गोली, मौत, मुठभेड़ में 5 गिरफ्तार
बलिया में बदमाशों ने चखना बेचने वाले को मारी गोली, मौत,मुठभेड़ में 5 गिरफ्तार
बलिया। रसड़ा कोतवाली क्षेत्र के नगरा मार्ग पर अंग्रेजी शराब की दुकान के पास गुरुवार की रात बदमाशों ने चखना दुकानदार को गोली मार हत्या कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। हालांकि करीब पांच घंटे बाद ही पुलिस को बदमाशों को पकड़ने में सफलता भी मिल गई।
पुलिस से मुठभेड़ में दो बदमाश गोली से घायल हुए जबकि तीन को पुलिस ने पकड़ लिया। आरोपियों के कब्जे से दो असलहा, आठ कारतूस व बाइक बरामद की गई। यह मुठभेड़ मुंडेरा रोड कटुहरा के पास हुई। पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों ने अपना नाम व पता मंजीत सिंह उर्फ ओम सिंह पुत्र स्व अरविंद सिंह निवासी मडहीं थाना कासिमाबाद गाजीपुर, संदीप सिंह उर्फ गोलू सिंह पुत्र शमशेर सिंह निवासी खजुरगांव थाना कासिमाबाद गाजीपुर, अतुल सिंह उर्फ बब्बू सिंह पुत्र बृजेश सिंह खजुरगांव थाना कासिमाबाद गाजीपुर, प्रवीण सिंह उर्फ गोलू पुत्र नरेंद्र निवासी शेखनपुर थाना कासिमाबाद व प्रभात सिंह उर्फ बंटी पुत्र संजय सिंह निवासी खजुरगांव थाना कासिमाबाद गाजीपुर बताया।
बता दें कि गाजीपुर जिले के कासिमाबाद थाना क्षेत्र के बेलसडी गांव निवासी संतोष सिंह उर्फ बागी (48) पुत्र राम अवध सिंह अंग्रेजी शराब दुकान के बगल में चखना की दुकान किया था। गुरुवार की रात करीब दस बजे संतोष अपनी दुकान बंद कर घर जा रहा था। इसी बीच बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी। सिर और पेट में गोली लगने से संतोष की मौके पर ही मौत हो गई। मौके पर पुलिस अफसर पंहुचे और आरोपियों की धर पकड़ में जुट गए। भोर में पुलिस टीम का आरोपियों से कटहुरा के पास मुठभेड़ हो गई।
