बलिया में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, फर्नीचर दुकान में लाखों का सामान राख

बलिया में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, फर्नीचर दुकान में लाखों का सामान राख
बलिया। गड़वार मार्ग पर अगरसंडा नई बस्ती स्थित एक फर्नीचर की दुकान में बुधवार की देरशाम शार्ट सर्किट से लगी आग में करीब 17 से 18 लाख रुपए की इमारती लकड़ी व अन्य सामान जलकर राख हो गया। सूचना पर पहुंचे अग्निशमन के जवानों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। उधर दुकान मालिक को पड़ोसियों ने सूचना दी। मौके पर पहुंचे मकान मालिक ने दुकान का जायजा लिया।
सुखपुरा थाना के देवकली नई बस्ती में उमेश पटेल मकान बनाकर परिवार संग रहते है। वह मूलरूप से सुखपुरा थाना क्षेत्र के शेरवाकला निवासी हैं। गड़वार रोड पर अगरसंडा नई बस्ती में उनकी फर्नीचर की दुकान है। यहां से सागौन, साखू व शीशम की होल सेल सप्लाई की जाती है। इसके अलावा लकड़ी के सामानों का निर्माण भी आर्डर पर किया जाता है। रोज की तरह दुकान मालिक बुधवार की शाम दुकान बंद कर घर चले गए। इसी बीच रात करीब साढ़े 10 बजे शार्ट सर्किट से दुकान में आग लग गई और धीरे -धीरे आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। दुकान से आग की लपटे उठता देख पड़ोसियों ने दुकान मालिक को सूचना दी। जिसके बाद मालिक की हालत बिगड़ गई और अस्पताल में भर्ती कराया गया। तबियत ठीक होने पर दुकान पर पहुंचे और जायजा लिया। दुकान मालिक उमेश पटेल ने बताया कि शार्ट सर्किट से आग लगी है। इसमें करीब 17 से 18 लाख की लकड़ी व फर्नीचर के सामान जलकर राख हो गए हैं।
