बलिया में छात्र की मौत मामले में बिजली विभाग के जेई सस्पेंड, एई व एक्सईन क्यों सेफ?

0

बलिया में छात्र की मौत मामले में बिजली विभाग के जेई सस्पेंड, एई व एक्सईन क्यों सेफ?

बलिया। शिक्षा क्षेत्र गड़वार के कनैला स्थित प्राथमिक विद्यालय नवीन पोखरा की छत पर एचटी तार की चपेट में आने से हुई छात्र की मौत मामले में बिजली विभाग ने कार्रवाई की है। पूर्वान्चल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड आजमगढ़ क्षेत्र मुख्य अभियन्ता (वितरण) रामबाबू ने अवर अभियन्ता रामनारायण यादव को सस्पेंड कर दिया है। यह कार्रवाई अधीक्षण अभियन्ता, विद्युत वितरण मण्डल बलिया की संस्तुति पर की गई है। उन्हें कार्यालय अधीक्षण अभियन्ता, विद्युत वितरण मण्डल-बलिया से सम्बद्ध किया गया है। लेकिन महज जेई को निलंबित कर कोरम किया गया है। एई व एक्सईन पर कार्रवाई नहीं होने से सवाल उठना लाजिमी है। बता दें कि गड़वार क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय नवीन पोखरा के छत से गुजर रही एचटी तार के संपर्क में आने से कक्षा चार के छात्र अरशद अहमद की मौत हो गई थी। घटनास्थल की जांच में सामने आया कि स्कूल की चहारदिवारी से एचटी लाइन की क्षैतिज दूरी तथा ग्राउंड क्लीयरेंस मानक के अनुसार नहीं है जो गम्भीर विद्युत सुरक्षा का विषय है। उक्त स्थिति में सम्बन्धित अवर अभियन्ता द्वारा अपने क्षेत्रान्तर्गत आने वाली विद्युत लाईनों का नियमित निरीक्षण करते हुए विद्यालय जैसे संवेदनशील स्थलों के समीप स्थित लाइनों को चिन्हित कर आवश्यक सुरक्षात्मक कार्यवाही तथा लाइन शिफ्टिंग के समय से उच्चाधिकारियों को प्रस्ताव उपलब्ध नहीं कराया गया। इसके अतिरिक्त कारपोरेशन स्तर पर समय-समय पर अनुरक्षण माह में एचटी लाइनों के नियमित अनुरक्षण कार्य कराए जाने के निर्देश निर्गत किए जाते रहे हैं लेकिन सम्बन्धित अवर अभियन्ता द्वारा निर्देशों के अनुरूप अपेक्षित अनुरक्षण कार्य नहीं नहीं कराया। अपने क्षेत्र में विद्युत लाईनों एवं संवेदनशील स्थलों की अपेक्षित निगरानी न किया जाना गम्भीर कर्तव्यहीनता एवं लापरवाही का द्योतक है। इसके चलते गम्भीर विद्युत दुर्घटना घटित हुई, जिसमें छात्र की मौत हो गई। अधीक्षण अभियन्ता द्वारा इनके विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई किए की संस्तुति की गई थी। उधर, इतनी बड़ी घटना में महज एक जेई का निलंबन बिजली निगम की कार्रवाई पर सवाल खड़े कर रहा है। क्या एई व एक्सईन की जिम्मेदारी नहीं बनती?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *