बलिया में पुलिस मुठभेड़, मंदिरों में लूट करने वाले पांच गिरफ्तार, दो को लगी गोली

बलिया में पुलिस मुठभेड़, मंदिरों में लूट करने वाले पांच गिरफ्तार, दो को लगी गोली
बलिया। करीब एक सप्ताह पहले रसड़ा थाना क्षेत्र के लखनेश्वर डीह मंदिर में पुजारी को बंधक बनाकर की गई लूट का खुलासा किया है। लूट गिरोह के पांच बदमाश पुलिस के हत्थे चढ़े। गुरुवार की देर शाम पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी जबकि तीन अन्य को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने इनके कब्जे से 300 ग्राम चांदी, दो तमंचे, कारतूस और चोरी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार छह नवंबर की करीब आधी रात रसड़ा पुलिस लखनेश्वर डीह मंदिर से आमघाट जाने वाले मार्ग पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की एक इनोवा कार आती दिखाई दी। पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो चालक ने गाड़ी रोकने के बजाय भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा किया तो कार सवार बदमाशों ने खुद को घिरता देख पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी।
घायल बदमाशों की पहचान बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के पचपकड़ी थाना क्षेत्र के ढाका झिटकही निवासी जिशान आलम (42) और आदापुर थाना क्षेत्र के गम्हरिया खुर्द निवासी चंद्रशेखर कुमार (38) के रूप में हुई। दोनों को गिरफ्तार कर उपचार के लिए सदर अस्पताल बलिया भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने इनके तीन अन्य साथियों सूरज पासवान, चनशेखर और बाला लखन्दर कुमार को भी गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के रहने वाले हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने 30 अक्तूबर की रात लखनेश्वर डीह शिव मंदिर में पुजारी को डराकर-धमकाकर उनके हाथ-पैर बांध दिए थे। इसके बाद मंदिर में लगे चांदी के नाग और ऊपर लगी चांदी की छतरी लूट ली थी। इसके अलावा 11 अक्तूबर की रात गाजीपुर जिले के कासिमाबाद थाना क्षेत्र स्थित पंच मंदिर से राधा-कृष्ण की मूर्तियों का मुकुट भी चोरी किया था। इस बाबत अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी दिनेश कुमार शुक्ल ने बताया कि दो बदमाशों के पैर में गोली लगी है। जिनका उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है। इसके अलावा तीन को गिरफ्तार किया गया है। कार को कब्जे में ले लिया गया है। मामले में विधिक कार्रवाई प्रचलित है।
