बलिया के बांसडीह का क्षेत्र चोरों के लिए महफ़ूज़, हालपुर में लाखों की चोरी

बलिया के बांसडीह का क्षेत्र चोरों के लिए महफ़ूज़, हालपुर में लाखों की चोरी
बलिया। बांसडीह कोतवाली
क्षेत्र चोरों के लिए महफ़ूज़ इलाका बन चुका है। हालपुर गांव में बुधवार की रात चोरों ने कमरों का ताला तोड़कर लाखों रुपये के जेवरात समेत अन्य सामानों पर हठ साफ कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस जांच में जुट गई है।
बताया जाता है कि एक निजी स्कूल के निदेशक तरूण प्रकाश सिंह पप्पू का हालपुर गांव में बड़ा मकान हैं जहां उनके चचेरे भाई ज्ञान सिंह का परिवार रहता हैं। ज्ञान सिंह की पत्नी, बेटा व बहू के साथ इलाज के लिए नई दिल्ली गए हुए थे। मकान में ज्ञान सिंह अकेले थे। इसी बीच देर रात पीछे का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे चोरों ने कमरों का ताला तोड़ने के बाद तीन आलमारी व बक्सा तोड़कर सोने की चेन, अंगुठी, झुमका व चांदी का पायल, कपड़ा ,बर्तन आदि चुरा ले गए। घर में रखे 40 हजार नगद भी चुरा लिया। घटना की जानकारी गुरुवार की भोर में ज्ञान सिंह की नींद खुलने के बाद आंगन में बिखरे सामान देख हुई। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पंहुचे कोतवाल राकेश उपाध्याय ने घटना स्थल का निरीक्षण कर कार्रवाई में जुट गए।
लगातार हो रही चोरियां, किसी का खुलासा नहीं
बलिया। बांसडीह क्षेत्र में बीते एक माह में चोरों ने आधा दर्जन मकानों का ताला तोड़ चोरी की घटना को अंजाम दिया। लेकिन पुलिस अभी तक किसी भी मामले का खुलासा नहीं कर सकी है।
देवडीह गांव में सेवानिवृत्त सेवायोजन अधिकारी महेश दत्त तिवारी के घर चोरों ने एक सप्ताह पूर्व लाखों का सामान चुरा लिया था। बीते बुधवार को भी वार्ड नंबर छह स्थित सत्यनारायण यादव के मकान में सुनीता वर्मा किराए पर रहती है मंगलवार को वह अपने ससुराल बंशी बाजार चली गई और मकान मालिक सत्यनारायण भी नहीं थे। जिसका फायदा उठाकर चोरों ने लाखों रुपए के समान पर हाथ साफ कर दिया। बीते 13 सितंबर को बांसडीह गुदरी बाजार में बिजली विभाग में कार्यरत सनी मिश्रा जो प्रतापगढ़ में नौकरी करते हैं। उनके बंद मकान का ताला तोड़कर चोरों ने लाखों रुपए का सामान और नगदी गायब कर दिया।
तीन सितंबर को मिरगिरी टोला निवासी एडवोकेट अशोक कुमार पांडेय तीर्थ करने के लिए रामेश्वरम गए हुए थे। इसीबीच चोरों ने उनके घर को पूरी तरह खंगाल कर गहना, रुपये और कपड़ा चुरा लिया।
