बलिया में शिकायतों को दबाए रखा बिजली निगम, टूटते रहे तार होती रही मौत, अफसरों पर एफआईआर की मांग
बलिया में शिकायतों को दबाए रखा बिजली निगम, टूटते रहे तार होती रही मौत, अफसरों पर एफआईआर की मांग
बलिया। नरही थाना क्षेत्र के भरौली गांव में मंगलवार को एचटी तार टूटने से हुई निजी स्कूल के शिक्षक की मौत के बाद लोगों में आक्रोश बना हुआ है। गड़हा विकास मंच के अध्यक्ष चंद्रमणि राय ने बुधवार को जिलाधिकारी को पत्रक देकर दोषी बिजली निगम अफसरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। उन्होंने डीएम को यह भी बताया पिछले दो वर्षों से लगातार जर्जर तारों की शिकायत की जा रही है लेकिन बिजली निगम शिकायतों को दबाये बैठा है। अगर शिकायतों पर कार्रवाई हुई होती तो एक शिक्षक और कुछ दिन पहले हुई युवक की मौत नहीं हुई होती। यह भी चेताया है कि 21 दिनों के अंदर जर्जर तारों को बदलकर व्यवस्था दुरुस्त नहीं किया गया तो मंच के कार्यकर्ता स्वामी सहजानंद पार्क भरौली में धरने पर बैठने को विवश होंगे।
श्री राय ने बताया कि बिजली के जर्जर तार टूटने की घटना यह आकस्मिक नहीं है बल्कि बिजली निगम के अधिकारियों व कर्मचारियों की लापरवाही व मनमानी का परिणाम है। उन्होंने बताया कि सितंबर 2023 और मई 2024 में जिलाधिकारी को पत्रक देकर क्षेत्र के बिजली व्यवस्था को लेकर अवगत कराया गया था। जिसमें मुख्य रूप से बताया गया था कि बिजली के जर्जर तार अक्सर टूटते हैं जिससे बड़े हादसे होने की संभावना है। लेकिन इन शिकायतों को बिजली निगम के अफसर दबाये रहे और मनमानी करते रहे। जब भी शिकायत की जाती थी यह बताया जाता था कि स्टोर में तार उपलब्ध नहीं है, तो क्या अफसर किसी के मौत का इंतजार कर रहे थे? ऐसे में बिजली निगम के अफसरों पर हत्या का मुकदमा दर्ज होना चाहिए। बताया कि डीएम को पत्रक देकर अवगत कराया गया है कि 21 दिनों के अंदर अगर बिजली आपूर्ति को लेकर के जर्जर तारों को दुरुस्त नहीं किया गया तो स्वामी सहजानंद पार्क भरौली में धरना पर बैठने को विवश होंगे।
