बलिया के सीमावर्ती इलाका नरही थाना क्षेत्र में ट्रक से 5616 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद

बलिया के सीमावर्ती इलाका नरही थाना क्षेत्र में ट्रक से 5616 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद
आबकारी व पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, चालक फरार
बलिया। जिले के नरही थाना क्षेत्र से हो रही शराब तस्करी की पोल सोमवार को आबकारी व पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में खुल गई। टीम ने एक ट्रक से 5616 लीटर अंग्रेजी शराब और 40 बोरी आलू बरामद की। बरामद माल की कीमत लगभग 36 लाख रुपये बताई जा रही है।
बताया जाता है कि आबकारी निरीक्षक विनय कुमार राय और संदीप यादव अपनी टीम के साथ भरौली गोलंबर के पास गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि गाजीपुर की ओर से शराब से भरा एक ट्रक बिहार की तरफ जाने वाला है। सूचना पर तुरंत थानाध्यक्ष नरही वीरेन्द्र कुमार सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घेराबंदी कर ट्रक को रोकने का प्रयास किया। लेकिन चालक वाहन रोकते ही कूदकर खेतों और झाड़ियों में भाग निकला। अंधेरे का फायदा उठाकर वह पुलिस की पकड़ से बच गया। जब ट्रक की तलाशी ली गई तो ऊपर से आलू की बोरियां रखी हुई थीं।
इन्हें हटाकर जांच करने पर कई नामी ब्रांड की अंग्रेजी शराब की पेटियां और ढेर सारी बोतलें छिपाकर रखी मिलीं। बरामद शराब और ट्रक को कब्जे में लेकर कार्रवाई में जुट गई। पुलिस अब फरार चालक की तलाश कर रही है।
