बलिया में दो मोबाईल दुकानों पर एसआईबी का छापा, लगाया 30 लाख जुर्माना

बलिया में दो मोबाईल दुकानों पर एसआईबी का छापा, लगाया 30 लाख का जुर्माना
बलिया। विशेष अनुसंधान शाखा आजमगढ़ की टीम ने बुधवार को ज्वाइंट कमिश्नर निलेश सिंह के नेतृत्व में नगर के चित्तू पांडेय चौराहा के पास इंदिरा मार्केट स्थित ईशा मोबाइल व उसके दूसरे ब्रांच शिवाय मोबाइल, रामपुर उदयभान पर छापेमारी की। एसआईबी टीम शाम तक खरीद-बिक्री के बिल, बाउचर व रजिस्टर का मिलान किया। जिसमें करीब दो करोड़ों रुपए के खरीद-बिक्री पाए गए। इसके आधार पर टीम ने 30 लाख रुपए का जुर्माना लगाया और बिल, बाउचर, स्टाक रजिस्टर सील कर साथ लेकर चले गए।
ज्वाइंट कमिश्नर आजमगढ़ निलेश कुमार सिंह ने बताया कि शिकायत व खरीद-बिक्री के आधार पर टैक्स कम जमा करने की आशंका पर इंदिरा मार्केट स्थित ईशा मोबाइल व रामपुर उदयभान स्थित शिवाय मोबाइल दुकान पर टीम द्वारा छापेमारी की गई। इसमें बिल, बाउचर व स्टाक रजिस्टर का मिलान किया गया तो मौके पर करीब दो करोड़ की खरीद-बिक्री पाई गई। जिसके आधार पर करीब 30 लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया है। बिल, बाउचर व स्टाक रजिस्टर को सील कर कब्जे में लिया गया है। बताया कि इनके द्वारा करोड़ों रुपए के मोबाइल की खरीद-बिक्री की जाती थी। लेकिन टैक्स मामूली जमा किया जा रहा था। अभी आगे की कार्रवाई चल रही है। छापेमारी टीम में आजमगढ़ से डीसी मैनेजर चौरसिया, एसी निधि श्रीवास्तव, बलिया के एसी अनिल कुमार व भानू प्रताप आदि रहे।
