बलिया में दाह संस्कार के बीच गोली चलाने के चार आरोपी गिरफ्तार

बलिया में दाह संस्कार के बीच गोली चलाने के चार आरोपी गिरफ्तार
बलिया। सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के सरयू नदी किनारे कठौड़ा घाट पर शनिवार की शाम दाह संस्कार के दौरान मामूली कहासुनी मारपीट में बदल गई थी। इसमें एक पक्ष ने गोली चला दी थी जिससे दो लोग घायल हो गए। वहीं दो लोग मारपीट में भी दो घायल हुए थे। इस मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने एक पिस्टल, एक कारतूस व तीन डंडा बरामद किया है। पकड़े गए आरोपियों ने पूछताछ में अपना नाम व पता अमरजीत राजभर पुत्र स्व. काशीनाथ राजभर, सत्यनारायण राजभर उर्फ शिकारी पुत्र तिराजू राजभर, धनन्जय राजभर पुत्र हरिश्चन्द्र, जयनरायन पुत्र बब्बन राजभर निवासीगण बनहरा बताया।
बता दें कि थाना क्षेत्र के भटवाचक गांव निवासी मनसा देवी पत्नी मिठाई लाल का दाह संस्कार करने परिजन व ग्रामीण शनिवार को कठौड़ा घाट पर गए हुए थे। जहां भटवाचक निवासी धीरेंद्र राजभर और बनहरा गांव निवासी अमरजीत राजभर के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। यह कहासुनी मारपीट में तब्दील हो गई। इसी दौरान एक पक्ष के लोगों ने अमरजीत राजभर की पिटाई कर दी। इसी बीच किसी ने अमरजीत के परिजनों को इसकी सूचना दे दी। सूचना पाकर अमरजीत राजभर के गांव से कई लोग मौके पर पहुंच गए और दोनों पक्षों में जमकर मारपीट होने लगी। मामला इतना बढ़ गया कि एक पक्ष ने गोली चला दी। जिसमें धीरेंद्र राजभर व अमलेश राजभर घायल हो गए। वहीं मारपीट में भटवाचक गांव निवासी सुभाष राजभर और इंद्रजीत राजभर भी घायल हो गए। घटना की जानकारी होते ही प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह व चौकी प्रभारी अश्विनी मिश्रा पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू कर दी।
