बलिया में तैनात सीओ पर शासन ने की कार्रवाई, गैर जनपद भेजे गए

बलिया में तैनात सीओ पर शासन ने की कार्रवाई, गैर जनपद भेजे गए
बलिया। बांसडीह चौराहा पर बुधवार की शाम ग्रामीणों और महिलाओं ने सड़क जाम किया था। इस बीच ग्रामीणों पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। ग्रामीणों ने इसके लिए सीओ बांसडीह प्रभात कुमार को जिम्मेदार मानते हुए स्थानान्तरण की मांग की। इसे देखते हुए प्रदेश सरकार ने सीओ को गैर जनपद स्थानान्तरित कर दिया हैं। सीओ प्रभात कुमार को शासन ने कानपुर नगर जनपद में केन्द्रीय वस्त्र भंडार का पुलिस उपाधीक्षक नियुक्त किया है।
बता दें कि बांसडीह में विद्युत करंट से एक किशोर की मौत के बाद परिजनों ने बुधवार की शाम को सप्तर्षि चौराहे पर शव रखकर चक्का जाम कर दिया। परिजनों का आरोप था कि पुलिस विपक्षी के रसूख के चलते कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। जाम के दौरान सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सैकड़ों महिलाएं और पुरुष सड़क पर जमे रहे। उधर, महिलाओं ने पुलिस मुर्दाबाद के नारे लगाए। उपजिलाधिकारी अभिषेक प्रियदर्शी ने महिलाओं को कार्रवाई का आश्वासन दिया, लेकिन प्रदर्शनकारी मुकदमा दर्ज करने और गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे। उपजिलाधिकारी के निर्देश पर कोतवाल ने मुकदमा दर्ज किया। एफआईआर की कॉपी देने के बावजूद जाम जारी रहा।
पुलिस ने शव को सड़क से हटाकर गाड़ी पर रखा तो स्थिति बिगड़ गई। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। पथराव से पुलिस बल पीछे हट गया। फिर क्षेत्राधिकारी के नेतृत्व में पुलिस ने मोर्चा संभाला और लाठीचार्ज कर भीड़ को तितर-बितर कर स्थिति को नियंत्रित किया। इस दौरान पुलिस ने महिलाओं को जमकर पीटा। प्रकरण में सीओ सबके निशाने पर आ गये और उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग हो रही थी।
