बलिया में डीएम और अभाविप कार्यकर्ताओं के विवाद में बलि चढ़े नगर कोतवाल, हुए लाइन हाजिर

बलिया में डीएम और अभाविप कार्यकर्ताओं के विवाद में बलि चढ़े नगर कोतवाल, हुए लाइन हाजिर
बलिया। जिलाधिकारी कार्यालय पर मंगलवार को बारिश में भींगते हुए रातभर धरना देने वाले अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं का धरना समाप्त हो गया। कार्यकर्ताओं व डीएम के विवाद में कार्यकर्ताओं से उलझने वाले कोतवाल योगेंद्र बहादुर सिंह को पुलिस अधीक्षक ने कोतवाली से हटाकर पुलिस लाइन भेज दिया। एसपी ने राकेश कुमार को नगर कोतवाल की जिम्मेदारी दी है।
विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता कोतवाल द्वारा किए गए अभद्रता को लेकर डीएम कार्यालय के सामने धरने पर बैठ गए थे। धरना स्थल पर पहुंचकर जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने धरना दे रहे कार्यकर्ताओं से काफी देर तक वार्ता कर काफी प्रयास के बाद धरना समाप्त कराया। कार्यकर्ताओं ने अभद्रता करने वाले कोतवाल को हटाने की मांग रखी थी।
बता दें कि मंगलवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का प्रतिनिधिमंडल विद्यालयों में मनमानी शुल्क वृद्धि एवं बदहाल शिक्षा व्यवस्था आदि से संबंधित समस्याओं को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन देने पहुंचा था। जहां जिलाधिकारी से कार्यालय में वार्ता के दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। जिलाधिकारी ने कोतवाल को बुलाकर सदस्यों को बाहर निकलवा दिया। इस दौरान कोतवाल और कार्यकर्ताओ के बीच नोक झोंक हुई थी और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता कोतवाल पर अभद्रता करने का आरोप लगाकर धरने पर बैठे थे।
