बलिया में दबंग युवकों ने चाकू मारकर युवक को किया घायल

बलिया में दबंग युवकों ने चाकू मारकर युवक को किया घायल
बलिया। नरही थाना क्षेत्र के पलियाखास उर्फ बड़काखेत गांव में सोमवार को एक युवक को दबंग युवकों ने चाकू से गोद कर गम्भीर रूप से घायल कर दिया। घायल युवक को ईलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नरही पहुंचाया गया, जहां स्थिति को गंभीर देख डॉक्टर ने जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। वहां से भी डॉक्टरों ने वाराणसी के लिए रेफर कर दिया।
बताया जाता है कि सोमवार की दोपहर में पलियाखास निवासी विवेक सिंह अपनी मां को दवा दिलाने के लिए गांव में ही किसी डॉक्टर के पास गए थे। वहां पहले से घात लगाए बैठे 8-10 की संख्या में दबंग युवकों ने विवेक को डाक्टर के यहां से घसीट कर सड़क पर ले गए और ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर घायल कर दिया। आसपास के लोग जब तक कुछ समझ पाते हमलावर बाइक से भाग निकले। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चार बाइक से करीब 10 की संख्या में हमलावर थे। घटना को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। परिजनों ने थाने में तहरीर दे दी है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
