बलिया में नकाबपोश बदमाशों ने युवक को मारा चाकू, गंभीर
बलिया में नकाबपोश बदमाशों ने युवक को मारा चाकू, गंभीर बलिया। बांसडीहरोड थाना क्षेत्र के टघरौली स्कूल के पास शनिवार की दोपहर नकाबपोश बदमाशों ने एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया।इससे युवक लहूलुहान हो गिर पड़ा। आसपास के लोगों और परिजनों ने आनन-फानन में उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने उसे वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। घायल युवक की पहचान डुमरी गांव निवासी रंजीत गोंड (49) पुत्र श्यामलाल गोंड के रूप में की गई।बताया जाता है कि डुमरी गांव निवासी रंजीत गोंड शनिवार को दोपहर बाजार जा रहा था। जैसे ही वह टघरौली स्कूल के पास पहुँचा वहाँ पहले से घात लगाए तीन-चार की संख्या में नकाबपोश बदमाशों ने उस पर चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। परिजनों ने आरोप लगाया कि घटना की सूचना देने के बावजूद बांसडीहरोड पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। यहां तक कि गंभीर रूप से घायल रंजीत को परिजन ही स्वयं जिला अस्पताल लेकर गए। बताया कि थाने से कहा गया कि “पहले अस्पताल ले जाओ”, लेकिन एक भी पुलिसकर्मी साथ नहीं गया। इसको लेकर लोगों में रोष है। दिनदहाड़े हुई घटना के बाद इलाके में दहशत है।
