बलिया में रिश्वत लेते सीएचसी अधीक्षक को विजिलेंस टीम ने किया गिरफ्तार

बलिया में रिश्वत लेते सीएचसी अधीक्षक को विजिलेंस टीम ने किया गिरफ्तार
जन औषधि संचालक से 20 हजार रिश्वत मांगने का है आरोप
बलिया। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, बांसडीह पर वृहस्पतिवार को वाराणसी से पहुँची विजिलेंस की 14 सदस्यीय टीम ने 20 हजार रुपये रिश्वत लेते सीएचसी अधीक्षक डा वेंकटेश मौआर को रंगे हाथ गिरफ्तार कर अपने साथ लेकर चली गई। यह कार्रवाई जन औषधि केन्द्र बांसडीह के संचालक अजय तिवारी की शिकायत पर विजिलेंस टीम द्वारा की गई।
शिकायतकर्ता जन औषधि संचालक अजय तिवारी द्वारा पुलिस अधीक्षक उप्र सतर्कता अधिष्ठान, वाराणसी को लिखित प्रार्थना पत्र दिया गया। उल्लेख किया कि डा वेंकटेश मौआर प्रभारी चिकित्साधिकारी/अधीक्षक सीएचसी बांसडीह द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बांसडीह पर अमृत फार्मेसी/जन औषधि केन्द्र के संचालन के लिए अनुमति पत्र निर्गत किये जाने हेतु कुल बीस हजार रुपए रिश्वत की मांग की गई। संचालक द्वारा एक दो माह दिया गया। लेकिन बिक्री कम होने के कारण उसके द्वारा देने से इंकार कर दिया गया। लेकिन सीएचसी अधीक्षक औषधि संचालक पर लगातार पैसे के लिए दबाव बना रहे थे। इसके बाद विजिलेंस टीम ने मामले की जांच की और आरोप की पुष्टि होने के बाद डा बैंकटेश मौआर को बीस हजार रुपये नगद लेते हुए सीएचसी बांसडीह परिसर से रंगे हाथ गिरफ्तार किया। उक्त के विरूद्ध थाना उप्र सतर्कता अधिष्ठान वाराणसी में मुकदमा पंजीकृत कराकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। इस बाबत विजिलेंस टीम के सीनियर निरीक्षक धमेंद्र तिवारी ने बताया कि ओपीडी में बीस हजार रिश्वत लेते चिकित्सा अधीक्षक को गिरफ्तार कर वाराणसी ले जाया जा रहा है।
