बलिया में स्नान करते समय डूबने लगी चार किशोरी, तीन को बचाया, एक की खोज जारी

बलिया में स्नान करते समय डूबने लगी चार किशोरी, तीन को बचाया, एक की खोज जारी
बलिया। मनियर थाना क्षेत्र के पुरुषोत्तम पट्टी गांव की चार किशोरियां मंगलवार कोसरयू नदी में स्नान करते समय डूबने लगी। हालांकि नदी किनारे काम कर रहे मजदूर व बगल में स्नान कर रहे लोगों ने डूब रही तीन को किसी तरह से बचा लिया, एक किशोरी को बचाया नहीं जा सका। घटना की सूचना मिलते ही लोगों की भीड़ जुट गई और पुलिस भी मौके पर पहुंच गयी। काफी तलाश के बाद भी एक किशोरी का पता नहीं चल सका। वाराणसी से आई एनडीआरएफ की टीम के उपनिरीक्षक रामाज्ञा शुक्ला के नेतृत्व में डूबी किशोरी की तलाश में जुटी है।
पुरुषोत्तम पट्टी गांव निवासी मंशा (14), पिंकी (15), अंशा (14) व हिमांशु (15) मंगलवार की सुबह सरयू नदी में स्नान करने गई हुई थीं। स्नान करते समय गहरे पानी में चले जाने से सभी डूबने लगी, जिसे देख कर आसपास मौजूद लोग व मजदूरों ने बचाने का प्रयास किया। इस दौरान तीन किशोरियों को बचा लिया गया। जबकि कुमारी हिमांशु यादव पुत्री शैलेंद्र यादव का पता नहीं चल सका। उसकी खोजबीन में स्थानीय मछुवारों के अलावा एनडीआरएफ की टीम जुटी है।
उधर, तहसीलदार सिकंदरपुर प्रवीण सिंह, नायब तहसीलदार सीपी यादव, थाना प्रभारी मनियर रत्नेश कुमार दुबे भी पहुंच गए। थाना प्रभारी मनियर ने बताया कि लापता किशोरी की तलाश की जा रही है। इसके लिए एनडीआरएफ की टीम भी लगाई गई है।
