बलिया में तीन दोस्त गंगा में डूबे, तीनो घर से निकले थे ट्यूशन को

बलिया में तीन दोस्त गंगा में डूबे, तीनो घर से निकले थे ट्यूशन को
बलिया। दोकटी थाना क्षेत्र के जगदीशपुर गंगा घाट पर तीन छात्रों का स्कूली बैग और साइकिल लावारिश हालत में मिलने से हड़कम्प मच गया। गंगा नदी में नहाते समय डूबने की आशंका से तीनों परिवारों में कोहराम मच गया है। वहीं, सूचना पर पहुंची पुलिस मे स्थानीय गोताखोरों के माध्यम से नदी में तलाश करा रही है। पुलिस ने गोरखपुर से एनडीआरएफ टीम को बुलाया है।
बताया जाता है कि गुरुवार की सुबह दोकटी थाना क्षेत्र के सावनछपरा निवासी विनय गोंड (14) पुत्र राजन गोंड व संदीप गोंड (15) पुत्र योगेंद्र गोंड तथा बेचनछपरा निवासी वसीम (15) भोजापुर ट्यूशन पढ़ने की बात बताकर साइकिल से निकले। शाम तक तीनों छात्र घर नहीं पहुंचे तो परिजन उनकी छानबीन करने लगे। इसी बीच किसी ने जगदीशपुर गंगा घाट पर लावारिश पड़ी साइकिल, चड्डी, बनियान, बैग में रखे कॉपी किताब पर लिखे नाम के आधार पर परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही तीनों छात्रों के परिजन रोते-बिलखते घाट पर पहुंचे और अपने लाडलों का सामान देख दहाड़ मारकर रोने लगे। आशंका है कि तीनो दोस्त घर से ट्यूशन के लिए निकले तो जरूर, पर ट्यूशन सेंटर जाने की बजाय गंगा नदी में स्नान करने चले गये होंगे। उधर, मामला संज्ञान में आते ही एसडीएम बैरिया आलोक प्रताप सिंह, सीओ बैरिया मो. फहीम कुरैशी व दोकटी थानाध्यक्ष हरिशंकर सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच गये। छात्रों की तलाश जारी है।
