बलिया का कृष्णा शिक्षा निकेतन महाविद्यालय ‘जेएनसीयू’ से हुआ संबद्ध, विज्ञान संकाय की भी मान्यता

बलिया का कृष्णा शिक्षा निकेतन महाविद्यालय ‘जेएनसीयू’ से हुआ संबद्ध, विज्ञान संकाय की भी मान्यता
बलिया। गड़हांचल में शिक्षा के क्षेत्र में कृष्णा शिक्षा निकेतन को बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। इससे इलाका गौरवान्वित महसूस कर रहा है। आने वाले दिनों में कृष्णा शिक्षा निकेतन महाविद्यालय शिक्षा के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगा।
प्रबंधक रविकांत उपाध्याय ने बताया कि चन्द्रशेखर विश्वविद्यालय के कुल सचिव का शनिवार को संबद्धता आदेश प्राप्त हुआ। संबद्धता आदेश में महाविद्यालय को कला संकाय में हिंदी, प्राचीन इतिहास, शिक्षा शास्त्र, अंग्रेजी, भूगोल, गृह विज्ञान, समाज शास्त्र और विज्ञान संकाय में भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, जन्तु विज्ञान, वनस्पति विज्ञान तथा गणित की मान्यता प्राप्त हुई है। जिससे पूरे गड़हांचल के समस्त ग्राम सभा वासियों में अत्यधिक प्रसन्नता हैं। क्योंकि जिला मुख्यालय के अलावा गड़हांचल में किसी महाविद्यालय में विज्ञान संकाय की व्यवस्था नहीं थी। जिसके कारण खासकर छात्राओं को जिला मुख्यालय जाना पड़ता था। इससे आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। वरिष्ठ साहित्यकार डॉ जनार्दन राय कविजी ने कहा कि नरही के नीलकंठपुर मौजे में महाविद्यालय का शुभारंभ ऐतिहासिक कदम है जो शिक्षा के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगा। यहां पर बिहार के बक्सर गाजीपुर जिले के बच्चे भी शिक्षा से लाभान्वित होंगे। पूरा विश्वास है कि आने वाले दिनों में कृष्णा शिक्षा निकेतन और ऊंचाईयों को छुएगा। इस मौके पर अभिमन्यु राय, कृष्णा नंद सिंह, सोमनाथ उपाध्याय, विश्व प्रताप श्रीवास्तव, आदि रहे।
