बलिया में फर्जी आय प्रमाण पर आंगनबाड़ी की नियुक्ति, दो नियुक्तियां निरस्त, एफआईआर का आदेश

बलिया में फर्जी आय प्रमाण पर आंगनबाड़ी की नियुक्ति, दो नियुक्तियां निरस्त, एफआईआर का आदेश
आय प्रमाण पत्र मामले में संलिप्त लेखपाल पर विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई का निर्देश
तहसीलदार की जांच पर सीडीओ ने की कार्रवाई
बलिया। जिले के बेलहरी परियोजना में फर्जी आय प्रमाण पत्र पर दो आंगनबाड़ी की नियुक्ति केआ मामला सामने आया है। तहसीलदार की जांच रिपोर्ट पर सीडीओ ओजस्वी राज ने आंगनबाड़ी केंद्र बजरहा एवं रेपुरा की नियुक्ति निरस्त करते हुए एफआईआर दर्ज करने का आदेश सीडीपीओ को दिया है। वहीं, फर्जी आय प्रमाण पत्र बनाने में संलिप्त लेखपाल के विरुद्ध विभागीय अनुशासनात्मक व दंडात्मक कार्रवाई करने का निर्देश एसडीएम सदर को दिया है।
बताया जाता है कि जिले के विभिन्न परियोजनाओं में रिक्त आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिकाओं के पदों पर बीते माह ही नियुक्ति प्रक्रिया को पूरी की गई। इस बार सीडीओ की ओर से फूलप्रूफ इंतजाम किया गया था। सभी कार्य विकास भवन के सभागार में ही हुआ। नियुक्ति प्रक्रिया पूरी होने के बाद बाल विकास परियोजना बेलहरी के केंद्र रेपुरा के आंगनबाड़ी गुड़िया पत्नी मनीष कुमार एवं बजरहा केंद्र की अमृता दुबे पत्नी आलोक कुमार दुबे के खिलाफ बीपीएल प्रमाण पत्र में फर्जीवाड़ा की शिकायत सीडीओ को मिली। सीडीओ ने इस मामले की जांच सदर तहसील के तहसीलदार से कराई। जांच में सामने आया कि दोनों ही आंगनबाड़ी आवेदिकाओं के पारिवारिक मासिक आय 3800 रूपये से कम दर्शायी गई है जबकि दोनों आवेदिकाओं के परिवार के सदस्य सरकारी सेवा में कार्यरत हैं जो बीपीएल श्रेणी में नहीं आते हैं। जांच में यह भी बात सामने आई कि इन फर्जी प्रमाण पत्रों को बनाने में लेखपाल दिव्यांशु कुमार यादव, क्षेत्र आमघाट की संलिप्तता रही है। लेखपाल द्वारा आवेदिकाओं से मिलीभगत कर फर्जी बीपीएल प्रमाण पत्र निर्गत किया गया। तहसीलदार की जांच रिपोर्ट पर सीडीओ ने दोनों आंगनबाड़ी नियुक्तियों को निरस्त करते हुए इनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने का आदेश सीडीपीओ को दिया है। इसके अलावा इस फर्जीवाड़ा में शामिल लेखपाल के खिलाफ विभागीय अनुशासनात्मक व दंडात्मक कार्रवाई करने का निर्देश सदर तहसील के एसडीएम को दिया है।
