बलिया: डीआईओएस ने प्रधानाचार्य समेत कईयों का रोका वेतन
बलिया: डीआईओएस ने प्रधानाचार्य समेत कईयों का रोका वेतन
बलिया। जिला विद्यालय निरीक्षक देवेन्द्र गुप्ता ने गुरुवार को अलग अलग क्षेत्रों के दो विद्यालयों का निरीक्षण किया। इस दौरान अनुपस्थित मिले प्रधानाचार्य समेत कईयों का वेतन रोकने का निर्देश दिया।
उन्होंने नवीन आदर्श इंटर कालेज इसारी सलेमपुर नगरा का निरीक्षण किया। यहां प्रधानाचार्य मृत्युंजय तिवारी 29 अप्रैल से अनुपस्थित मिले। वहीं, सहायक अध्यापक प्रमोद कुमार सिंह व कमलेश कुमार सिंह 30 अप्रैल से तथा लिपिक हर्षित कुमार पांडेय एक मई को अनुपस्थित मिले। विद्यालय में पठन-पाठन की व्यवस्था भी ठीक नहीं मिली। साफ-सफाई भी संतोषजनक नहीं था। डीआईओएस ने सभी अनुपस्थित शिक्षक कर्मचारियों के अनुपस्थिति दिवस का वेतन बाधित किया है। वहीं जंगली बाबा इंटर कालेज गड़वार में निरीक्षण में प्रधानाचार्य विजय प्रताप सिंह अनुपस्थित मिले जिससे उपस्थिति पंजिका का अवलोकन नहीं हो सका। विद्यालय पर नरेन्द्र भारद्वाज प्रवक्ता, अजमुल हसन प्रवक्ता, विजेन्द्र सिंह, अरुण कुमार सिंह व धर्मेन्द्र कुमार सिंह सहायक अध्यापक उपस्थित मिले। शेष अन्य के अनुपस्थिति दिवस का वेतन बाधित करते हुए डीआईओएस ने प्रधानाचार्य का वेतन स्थगित करते हुए स्पष्टीकरण तलब किया।
