बलिया: सीएमओ ने देखा जन आरोग्य मेला का सच, बन्द मिले पीएचसी, डॉक्टर समेत 15 कर्मी रहे गायब

बलिया: सीएमओ ने देखा जन आरोग्य मेला का सच, बन्द मिले पीएचसी, डॉक्टर समेत 15 कर्मी रहे गायब
बलिया। मुख्य चिकित्साधिकारी डा. संजीव वर्मन व जिला कार्यक्रम प्रबन्धक राज शेखर ने संयुक्त रूप से
रविवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर आयोजित मुख्यमंत्री जन अरोग्य मेला का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान पीएचसी बंद मिले और चिकित्सक समेत 15 अस्पताल कर्मी भी गायब रहे।
मुख्य चिकित्साधिकारी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र बसन्तपुर पहुंचे तो सुबह 10:30 बजे तक ताला बंद था और वहां दो एलटी विनोद पांडेय व प्रशान्त राय के अलावा सभी अनुपस्थित मिले। उन्होंने नाराजगी जताते हुए सभी का वेतन रोकने एवं प्रभारी चिकित्साधिकारी से स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश दिए।
मुख्य चिकित्साधिकारी ने प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र बेरूआरवारी के निरीक्षण के दौरान चिकित्साधिकारी डा वरूण ग्यानेश्वर समेत मेला ड्यूटी में तीन कर्मी अनुपस्थित मिले और आरोग्य मेला का बैनर भी नहीं लगा था। इस पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की और अनुपस्थित तीन कर्मियों के एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिया। उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, सुखपुरा के निरीक्षण के दौरान आरोग्य मेला का बैनर नहीं लगा होने पर नाराजगी व्यक्त की तथा छह कर्मी के मेला ड्यूटी से गायब रहने पर एक दिन का वेतन रोकने का निर्देश दिया।
सीएमओ के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र काजीपुरा पर चिकित्साधिकारी डा अवधेश कुमार समेत चार कर्मी, नगरीय प्रा. स्वा. केन्द्र बेदुआ के निरीक्षण में दो कर्मी अनुपस्थित मिले। इनका एक दिन का वेतन रोकने का निर्देश दिया।
उन्होंने निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई, उपकरणों की क्रियाशीलता, ओ0आर0एस0 कार्नर, कोल्ड रूम, मरीजों के साथ अच्छा व्यवहार आदि का अनुपालन सुनिश्चित किये जाने के भी निर्देश दिए।
