बलिया में बस की टक्कर से बाईक सवार आईटीबीपी जवान समेत दो की मौत

0

बलिया में बस की टक्कर से बाईक सवार आईटीबीपी जवान समेत दो की मौत

बलिया। फेफना थाना क्षेत्र के नसीराबाद गांव के पास सोमवार की भोर में बस की टक्कर से बाईक सवार आईटीबीपी जवान समेत दो युवकों की मौत हो गयी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर, एक ही गांव के दो युवकों की मौत से पूरे इलाके में कोहराम मच गया।


बताया जाता है कि बैरिया थाना क्षेत्र के श्रीनगर केहरपुर गांव निवासी गौरव कुमार सिंह (25) पुत्र जितेंद्र सिंह व शुभम कुमार सिंह (22) पुत्र सुनील कुमार सिंह बाइक से बारात में शामिल होने के बाद वापस अपने घर लौट रहे थे। फेफना थाना क्षेत्र के नसीराबाद गांव के पास इनकी बाइक में बस ने जोरदार टक्कर मार दी। सोमवार की भोर में हुए हादसे की आवाज सुन आसपास के लोग जुट गए। पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना को लेकर श्रीनगर केहरपुर में मातम का माहौल रहा। सोमवार की शाम दोनों युवकों का शव पहुंचते ही गांव में सन्नाटा पसर गया। मृत आइटीबीपी जवान शुभम कुमार सिंह व गौरव कुमार सिंह दोनों ही मां-बाप के इकलौते पुत्र थे। इस घटना की सूचना मिलते ही श्रीनगर गांव में करुण क्रंदन व चीत्कार मच गया।
शुभम कुमार सिंह करीब एक वर्ष पहले आइटीबीपी में भर्ती हुए थे। शुभम की शादी नवंबर महीने में होने वाली थी। लेकिन विधाता को कुछ और ही मंजूर था। दोनों युवकों का अंतिम संस्कार किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *