बलिया में 386.76 करोड़ से बनेगा जनेश्वर मिश्र पुल का एप्रोच

बलिया में 386.76 करोड़ से बनेगा जनेश्वर मिश्र पुल का एप्रोच
बिहार सरकार ने दी प्रशासनिक स्वीकृति
बलिया। यूपी के एनएच 31 व बिहार के एनएच-84 के बीच सड़क कनेक्टिविटी बेहतर करने की कवायद तेज हो गई है। गंगा नदी पर बने जनेश्वर मिश्र पुल का एप्रोच रोड बनाने का काम जल्द शुरू होगा जो 2026 में पूरा होने की उम्मीद है। इस एप्रोच रोड के बनने से उत्तर प्रदेश के पूर्वाचल एक्सप्रेसवे से बलिया होते आरा-बक्सर होकर पटना के रास्ते पूर्वोत्तर के राज्यों तक बेहतर कनेक्टिविटी हो सकेगी। कुछ दिनों पहले प्रगति यात्रा के दौरान बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इसके निर्माण को लेकर अधिकारियों को निर्देश दिया था। इसके बाद बिहार सरकार ने बक्सर जिला में एनएच-84 से उत्तर प्रदेश के बलिया जिला को जोड़ने वाले गंगा नदी पर निर्मित जनेश्वर मिश्र पुल के एप्रोच रोड को बनाने के लिए करीब 386.76 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी है। इस एप्रोच के बनने से यूपी बिहार के लोगों को आवागमन की सुविधा मिल सकेगी। लोग कम समय में महानगरों तक पहुंच सकेंगे।
11 वर्षों से है एप्रोच का इंतजार
गंगा नदी पर 2.8 किमी लंबा
जनेश्रर मिश्रा पुल का निर्माण वर्ष 2014 में हुआ था। उसके बाद से जमीन अधिग्रहण को लेकर किसानों के साथ समस्याओं के कारण इसका एप्रोच रोड निर्माण अधूरा रह गया। अब जमीन अधिग्रहण की समस्याओं के समाधान के बाद बक्सर जिले की तरफ से एप्रोच रोड बनाने का काम शुरू होगा।
