बलिया मृतका के परिजनों से मिले कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष

बलिया मृतका के परिजनों से मिले कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष
पुलिस की कार्रवाई में किसी को बचाने की बू, हो जांच: अजय
बलिया। नगरा थाना क्षेत्र के सरयां गुलाबराय में हुई युवती की मौत को पुलिस अधीक्षक द्वारा आत्महत्या करार दिया गया। जिससे क्षेत्रीयजनों में आक्रोश व्याप्त है। इसी सिलसिले में शनिवार को कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय परिजनों से मुलाकात कर पूरे प्रकरण की जानकारी ली। इसके बाद कहा कि सरकार अपने ही चौकीदार को न्याय नहीं दे पा रही है। वो प्रदेश की जनता को क्या न्याय देगी। इस घटना की न्यायिक जांच की मांग की।
बता दें कि नगरा थाना क्षेत्र के सरया गुलाबराय में 23 मार्च की सुबह युवती का शव दरवाजे पर स्थित जामुन के पेड़ पर जमीन से करीब छह फीट ऊपर लटकता हुआ मिला था। युवती का दोनों हाथ पीछे से रस्सी से बंधा हुआ था। सूचना पर जनपद के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल की। इसके बाद शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि युवती ने पेड़ से रस्सी का फंदा लगाकर आत्महत्या की है। इसकी जानकारी होते ही शनिवार को कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष पार्टी के अन्य नेताओं के साथ मृतका के घर पहुंचकर पीड़ित परिवार से मिले और न्याय दिलाने का भरोसा दिया। मृतका के पिता ने बेटी की हत्या का आरोप लगाया। कहा कि पुलिस असली आरोपियों को बचाने के लिए जानबूझकर इसे आत्महत्या बता रही है। वहीं, मृतका की बहन ने पुलिस की कहानी को नकारते हुए कहा कोई कैसे हाथ पीछे से बांधकर आत्महत्या करेगा। पिता एवं बहन ने प्रदेश अध्यक्ष के सामने न्याय की मांग करते हुए कहा कि वे चाहते हैं कि सरकार से घटना की जांच कराकर उनके साथ न्याय करे। प्रदेश अध्यक्ष अजय राय मृतका की बीमार मां से भी मिले और कहा कि न्याय की लड़ाई में कांग्रेस उनके साथ है। कहा कि अपने ही चौकीदार को प्रदेश सरकार और उनकी पुलिस न्याय नहीं दे पा रही है। पुलिस बेलगाम हो गई है। चारों तरफ जंगलराज है। कांग्रेस पार्टी पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने को सड़क पर उतर कर संघर्ष करेगी। विधानसभा जब चलेगा तो मामले को सदन में भी उठाया जाएगा। उन्होंने प्रदेश सरकार से घटना की न्यायिक जांच कराकर परिजनो को न्याय दिलाने की मांग की।
