बलिया: सीआरपीएफ जवान का अचानक निधन, तिरंगे में पहुंचा शव

बलिया: सीआरपीएफ जवान का अचानक निधन, तिरंगे में पहुंचा शव
बलिया। दोकटी थाना क्षेत्र के प्रीतम छपरा गांव निवासी सीआरपीएफ़ के जवान की अंत्येष्टि राजकीय सम्मान के साथ शिवपुर गंगा तट पर की गई। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की टुकड़ी ने शस्त्र उल्टा कर उन्हें अंतिम सलामी दी। इसके बाद तिरंगे में लपेटे शव को चिता पर रखकर मुखाग्नि दी गई।
दोकटी थाना क्षेत्र के प्रीतम छपरा गांव निवासी सीआरपीएफ जवान धर्मेंद्र प्रजापति (45) की तैनाती मणिपुर की राजधानी इंफाल में थी। बुधवार को अचानक तबियत बिगड़ी और उनका निधन हो गया। इसकी सूचना सीआरपीएफ मुख्यालय द्वारा परिजनों को मिली।
जवान का शव शुक्रवार को सड़क मार्ग से गांव पहुंचा जहां परिजनों के साथ स्थानीय लोगों ने सीआरपीएफ जवानों की उपस्थिति में अंतिम संस्कार किया। सीआरपीएफ जवानों के अलावा पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह, सोनबरसा निवासी कैप्टन जयप्रकाश सिंह आदि लोग घाट पर रहे। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
