बलिया में डबल मर्डर, जमीनी विवाद में चाचा भतीजा की गई जान

बलिया में डबल मर्डर, जमीनी विवाद में चाचा भतीजा की गई जान
बलिया। सिकन्दरपुर थाना क्षेत्र के खरीद गांव में बुधवार की देरशाम एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के घर पर जाकर लाठी-डंडे व धारदार हथियार से हमला कर दिया। जिसमें चाचा-भतीजा की मौत हो गई। जबकि दो लोग गम्भीर रूप से घायल हो गए। उधर, हमलावर घटना को अंजाम देने के बाद भाग निकले। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह समेत कई थानों की फोर्स घटना स्थल पर पहुंच गई। आनन- फानन में सभी को सीएचसी सिकन्दरपुर पहुंचाया गया, जहां से चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने चाचा भतीजे के शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी हाउस में रखवा दिया। इस मामले में पीड़ित पक्ष से तहरीर लेकर मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई चल रही है।

बताया जाता है कि थाना क्षेत्र के खरीद गांव में रामजीत यादव व मोतीचंद यादव के बीच वर्षो से जमीनी विवाद है। बुधवार की रात करीब आठ बजे रामजीत यादव पक्ष के लोगे ने दूसरे पक्ष के भवानी मंदिर खरीद गांव स्थित घर पर चढ़कर मोती चंद यादव (60) पुत्र इंद्रदेव, पंकज यादव (24) पुत्र अक्षय कुमार, अनिल यादव (42) पुत्र कोमल यादव तथा गीता देवी (55) पत्नी अक्षय कुमार पर लाठी डंडा व हथियार से हमला कर गम्भीर रूप से घायल कर दिया। आनन फानन में आसपास के लोगों ने सभी घायलों को सीएचसी सिकन्दरपुर पहुँचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। यहां से भी सभी को रेफर कर दिया गया। जिसमें पंकज यादव की रास्ते में मौत हो गई, जबकि अनिल यादव की इलाज के दौरान मऊ अस्पताल में मौत हो गई। वहीं, गीता देवी व मोती चंद का इलाज मऊ में चल रहा है।
इस बाबत पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने बताया कि सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के खरीद गांव में दो पक्षों में वर्षों से जमीन विवाद चल रहा है। विवादित जमीन पर कोर्ट द्वारा स्टे भी था। इसको लेकर कुछ महीने पहले भी दोनों पक्षों में मारपीट हुई थी। जिसमें दोनों पक्षों की ओर से मुकदमा दर्ज किया गया था और चार्जशीट भी लगाई गई थी। बुधवार की रात मोती चंद के परिवार के लोग बैठे हुए थे, तभी रामजीत यादव पक्ष के लोगों ने हमला बोलकर चार लोगों को घायल कर दिया। जिसमें पंकज यादव एवं अनिल यादव की मौत हो गई। जबकि मोतीचंद एवं गीता देवी गंभीर रूप से घायल हैं। मामले में तहरीर लेकर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।
