बलिया में बैंक से 21.57 लाख चोरी मामले में प्रबंधक ने कैशियर पर कराया मुकदमा

बलिया में बैंक से 21.57 लाख चोरी मामले में प्रबंधक ने कैशियर पर कराया मुकदमा
बलिया। रसड़ा कोतवाली क्षेत्र के संवरा स्थित बड़ौदा यूपी बैंक की शाखा में हुई 21 लाख 57 हजार 290 रुपये की चोरी मामले में शाखा प्रबंधक ने बैंक के कैशियर के खिलाफ धोखाधड़ी व विश्वासघात का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस जांच कर रही है।
रसड़ा कोतवाली क्षेत्र के संवरा चट्टी पर स्थित बड़ौदा यूपी बैंक की शाखा के कैश चेस्ट से मंगलवार की रात 21 लाख 57 हजार 290 रुपये चोरी हो गये। खुले कैश चेस्ट पर सबसे पहले नजर बैंक के कैशियर स्वामीनाथ की पड़ी। उनकी सूचना पर शाखा प्रबंधक और फिर पुलिस पहुंची। छानबीन के बाद चोरी की घटना में बैंक कर्मचारियों के शामिल होने व साजिश का संदेह हुआ। पुलिस कर्मचारियों से पूछताछ करने लगी।
उधर, शाखा प्रबंधक चंद्रभूषण राय ने रसड़ा पुलिस को तहरीर देकर कैशियर पर ही पैसा गायब करने का आरोप लगाया। उन्होंने पुलिस को बताया कि सोमवार को बड़ौदा यूपी बैंक शाखा छितौनी से 15 लाख रुपये आया था। अपनी शाखा के लेनदेन के बाद उसमें से बचे छह लाख 57 हजार 658 रुपये के साथ कुल 21 लाख 57 हजार 658 रुपये तिजोरी में कैशियर ने बंद कर दिया। उनका कहना है कि कैशियर ने मेरी भी तिजोरी की चाबी ले ली लेकिन उसने मेरी चाबी से तिजोरी को बगैर बंद किये ही वापस लौटा दिया। आशंका है कि तिजोरी में रखे गये 21 लाख 57 हजार 290 रुपये कैशियर ने ही गायब किया है। घटना के बाद तिजोरी में केवल 368 रुपये मिले। पुलिस केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
