बलिया में डीआईजी, यूपी-बिहार के सीमावर्ती इलाके का लिया जायजा

बलिया में डीआईजी, यूपी-बिहार के सीमावर्ती इलाके का लिया जायजा
बलिया। पुलिस उप महानिरीक्षक आजमगढ़ सुनील कुमार सिंह ने बैरिया व दोकटी थाना क्षेत्र के उत्तर प्रदेश बिहार के सीमावर्ती क्षेत्र का भ्रमण कर जायजा लिया। वहीं, पुलिसकर्मियों से अपराधियों पर नजर रखने और हर हाल में शराब की तस्करी पर रोक लगाने का निर्देश दिया। पुलिस उप महानिरीक्षक पहले चांद दियर पुलिस चौकी गए। वहां पर कुछ देर रुकने के बाद मांझी घाट स्थित जयप्रभा सेतु के रास्ते बिहार सीमा का निरीक्षण किया। इसके बाद जयप्रकाश नगर चौकी इलाके में उत्तर प्रदेश बिहार के सीमावर्ती क्षेत्र का निरीक्षण कर भौगोलिक स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद लोकनायक जयप्रकाश नारायण ट्रस्ट पर भी गए, जहां लोकनायक को नमन करने के साथ ही ट्रस्ट पर मौजूद लोगों से जानकारी प्राप्त की।
जयप्रकाश नगर से लालगंज होते हुए बीएसटी बांध के रास्ते टेंगरही होकर बैरिया थाने पहुंचे, जहां मातहतों से समस्याओं को जाना और निस्तारण के लिए टिप्स दिए। पुलिस उप महानिरीक्षक ने कहा कि अपराध के मामले में सरकार की जीरो टालरेंस की नीति है। उसका पालन हर हाल में होगा। उन्होंने बैरिया थाने के नए भवन के साथ ही मेस, कार्यालय, मालखाना का भी निरीक्षण किया। इस दौरान डीआईजी ने चौकीदारों से बैरिया थाने में हाथ मिलाते हुए उनकी समस्याओं को सुना। निर्देश दिया कि क्षेत्र में होने वाले हर गतिविधि को थाने पर बताएं। उन्होंने बैरिया थाने में तैनात दो फॉलोवरों को बेहतर कार्य के लिए इनाम दिया। इस मौके पर क्षेत्राधिकारी बैरिया उस्मान, कोतवाल बैरिया रामायण सिंह, निरीक्षक सुशील कुमार दूबे, थानाध्यक्ष दोकटी वंश बहादुर सिंह, उप निरीक्षक आरपी बिन्द आदि रहे।
