बलिया: डीएम ने ग्रीनफील्ड परियोजना का किया निरीक्षण, निर्माण कार्य में प्रगति का निर्देश

बलिया: डीएम ने ग्रीनफील्ड परियोजना का किया निरीक्षण, निर्माण कार्य में प्रगति का निर्देश
बलिया। जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार ने बुधवार को गाजीपुर- बलिया-माझीघाट ग्रीनफील्ड परियोजना का सागरपाली से जनाडी तक निरीक्षण कर निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया।
डीएम ने निरीक्षण के दौरान परियोजना निदेशक, एनएचएआई से परियोजना की विस्तृत जानकारी ली और निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने आमजन की सुगमता को ध्यान में रखकर ग्रीनफील्ड तक पहुंच के लिए माल्देपुर में भी प्वाइंट बनाने के निर्देश दिए। परियोजना निदेशक एसपी पाठक ने बताया कि ग्रीनफील्ड परियोजना का निर्माण कार्य अक्टूबर, 2025 तक पूर्ण हो जाएगा। बलिया में ग्रीनफील्ड परियोजना की पैकेज-02 (शाहपुर से पिंडारी) एवं पैकेज-03 (पिंडारी से रिविलगंज बाईपास) शामिल है। बताया कि आमजन को ग्रीनफील्ड तक पहुंचने के लिए पैकेज-02 के अंतर्गत गाजीपुर-बलिया मार्ग (फेफना), बयासी पुल (जनाडी गांव) एवं बलिया-बैरिया मार्ग (ओझा कछुआ गांव) में इंट्री प्वाइंट बनाया जा रहा है। पैकेज-03 के अंतर्गत भरखोखा गांव, बलिया-बैरिया मार्ग (टेंगरही गांव), लालगंज-बैरिया मार्ग (भोजापुर गांव) तथा बलिया-हाजीपुर मार्ग (इब्राहिमाबाद उपरवार गांव) में इंट्री प्वाइंट बनाया जा रहा हैं। पैकेज-02 के अंतर्गत 38 प्रतिशत भौतिक प्रगति एवं पैकेज-03 के अंतर्गत 33 प्रतिशत भौतिक प्रगति हुई है। ग्रीनफील्ड के अंतर्गत पड़ने वाले छोटे-बड़े सभी ब्रिज का निर्माण कार्य भी तेजी से किया जा रहा है।
