बिहार में यूपी पुलिस पर हमला, बलिया कोतवाली के दो एसआई, पांच जवान घायल

0

बिहार में यूपी पुलिस पर हमला, बलिया कोतवाली के दो एसआई, पांच जवान घायल

बलिया। बिहार के बक्सर जिले के कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के छतनवार गांव में रविवार की देर शाम बाईक चोर को पकड़ने के लिए बलिया कोतवाली पुलिस की टीम
छापेमारी करने पहुंची। ग्रामीणों ने टीम हमला कर दिया। इस हमले में बलिया कोतवाली पुलिस के दो एसआई और पांच जवान घायल हो गये। इस दौरान हमलावरों ने पुलिस वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना के बाद स्थानीय पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और जांच पड़ताल में जुट गयी।
बताया जाता है कि बलिया कोतवाली की पुलिस टीम छतनवार गांव के यादव टोला स्थित धर्मराज यादव के घर छापेमारी करने पहुंची थी। बलिया पुलिस को सूचना मिली थी कि धर्मराज यादव के घर चोरी की बाइक रखी गई है। इससे पहले, बलिया में चोरी की मोटरसाइकिल के साथ एक लड़का पकड़ा गया था, जिसने पूछताछ में धर्मराज यादव का नाम लिया था। इसी के आधार पर यूपी पुलिस छापेमारी करने पहुंची थी। पुलिस ने धर्मराज यादव के घर तलाशी शुरू की, उनके परिजनों और गांव के अन्य लोगों ने अचानक पुलिस टीम पर हमला कर दिया। इस हमले में बलिया कोतवाली के एसआई ज्ञानचंद्र शुक्ला और एएसआई राजू राय घायल हो गए। जबकि अन्य पुलिसकर्मियों को भी हल्की चोटें लगी हैं। हमले के दौरान ग्रामीणों ने पुलिस वाहन पर पथराव किया, जिससे वाहन का शीशा टूट गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
इस बाबत डुमरांव एसडीपीओ आफाक अख्तर अंसारी ने बताया कि घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा है। आरोपी घटना के बाद से फरार हैं। यूपी पुलिस की टीम को छापेमारी से पहले स्थानीय पुलिस को सूचित करना चाहिए था। उन्होंने बताया कि मामले की जांच जारी है और फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *