बलिया में 4.19 क्विंटल पटाखे जब्त, बिना लाइसेंस हो रहा था कारोबार

बलिया में 4.19 क्विंटल पटाखे जब्त, बिना लाइसेंस हो रहा था कारोबार
बलिया। नगर कोतवाली पुलिस ने कृष्णा नगर-बेदुआ मार्ग के पास गली में छापेमारी कर बिना लाइसेंस पटाखा कारोबार करने वाले तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से करीब 419 किलो अवैध तरीके से भंडारित पटाखे तथा एक वाहन को कब्जे में ले लिया। बताया जाता है कि थाना कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार सिंह और उपनिरीक्षक वीरेन्द्र कुमार विश्वास पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में भ्रमणशील थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कृष्णा नगर-बेदुआ मार्ग पर एक मैजिक वाहन में भारी मात्रा में अवैध पटाखे लोड किए जा रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर वाहन को घेर लिया और तीन लोगों को हिरासत में ले लिया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कृष्णा नगर निवासी राहुल गुप्ता पुत्र मोहन प्रसाद गुप्ता व राजकुमार पुत्र कन्हैया प्रसाद तथा ज्वाला साह पुत्र मुन्ना साह, निवासी देवरिया कला थाना फेफना के रूप में हुई है।पुलिस ने मैजिक वाहन की तलाशी ली तो उसमें 14 कार्टून पटाखे मिले। इसके बाद आरोपियों के घरों की तलाशी में पांच और कार्टून बरामद किए गए। इस प्रकार कुल 19 बंद कार्टूनों में लगभग 419 किलोग्राम विभिन्न प्रकार के पटाखे बरामद हुए। इसके साथ ही मैजिक वाहन भी जब्त किया गया।पूछताछ में राहुल गुप्ता और राजकुमार ने बताया कि वे अपने भाई भोला गुप्ता के साथ मिलकर विभिन्न स्थानों से पटाखे लाकर उनका भंडारण करते थे। उन्होंने स्वीकार किया कि उनके पास पटाखों की बिक्री का कोई लाइसेंस नहीं है। वहीं, वाहन चालक ज्वाला साह ने बताया कि राहुल और राजकुमार के बुलाने पर वह पटाखों को अपने वाहन में लोड कर रहा था।पुलिस ने इस मामले में थाना कोतवाली में विस्फोटक अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
