बलिया में डबल मर्डर: दूसरे दिन व्यापारियों व ग्रामीणों ने एनएच किया जाम, हुई पत्थरबाजी, पुलिस ने लाठियां भांज कराया सड़क खाली

बलिया में डबल मर्डर: दूसरे दिन व्यापारियों व ग्रामीणों ने एनएच किया जाम, हुई पत्थरबाजी, पुलिस ने लाठियां भांज कराया सड़क खाली
एसपी पर भी हमला करने की चर्चा, एक एसआई का फटा सिर
नववर्ष के पहले दिन बीयर दुकान पर कुल्हाड़ी से की गई थी दो युवकों की हत्या
बलिया। दोहरे हत्याकांड के दूसरे दिन गुरुवार को सिकंदरपुर के व्यापारियों ने अपनी दुकानों को बंद कर एनएच 31 को जाम कर दिया और आरोपियों की गिरफ्तारी और मृतक के परिजनों को मुआवजे की मांग करने लगे। सूचना मिलते ही नरही थानाध्यक्ष समेत कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई और मान मन्नवल करने लगी। उधर, पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह, अपर जिलाधिकारी मौके पर पहुंच जामकर्ताओं से वार्ता कर अविलंब आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। लेकिन इसी बीच जामकर्ताओं ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाने के साथ ही पत्थरबाजी शुरू कर दी। कुछ लोगों का तो यह भी कहना है कि किसी ने एसपी पर हमला भी किया है। इसके बाद पुलिस ने लाठियां भांज कर सड़क को खाली करा दिया। पुलिस के कड़े रुख को देख सिकंदरपुर कस्बे में अफरा तफरी मच गई। हालांकि मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि पुलिस ने काफी धैर्य व संयम से काम लिया। कुछ देर में ही सांसद सनातन पांडेय, फेफना विधायक संग्राम सिंह यादव भी पहुंचे जिसके बाद जामकर्ताओं ने जाम समाप्त कर दिया। इसके बाद मृतकों का शव पहुंचा जिसके अंतिम संस्कार में लोग जुट गए। देरशाम तक पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी जमे रहे। उधर, पुलिस ने मृतक के परिजनों की तहरीर पर रात में ही चार आरोपियों के विरूद्ध नामजद मुकदमा दर्ज कर दबिश दे रही है। आरोपी किसी ग्रुप के सदस्य बताए जा रहे हैं। ये आरोपी पहले भी कई वारदातों में संलिप्त बताए जा रहे हैं।
बता दें कि नरही थाना क्षेत्र के सिकंदरपुर गांव स्थित बीयर दुकान पर बुधवार की रात मे कुछ युवकों ने पहले जीतू गुप्ता (16) पुत्र भोरिक गुप्ता पर हमला कर घायल कर दिया था। इसके बाद पूछताछ करने गए प्रशांत गुप्ता (26) और गोलू वर्मा (23) को कुल्हाड़ी और दांव से जानलेवा हमला कर घायल कर दिया था। जिसमें प्रशांत की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि गोलू की सांसे चल रही थी। परिजन दोनों को बक्सर के निजी नर्सिंग होम में ले गए, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। परिजनों का आरोप है कि इसकी सूचना कोरंटाडीह चौकी को देने गए, लेकिन वहां कोई मौजूद नहीं था। इसके बाद थाना प्रभारी सुनील चंद्र तिवारी को सूचना दी।
आरोपियों के परिजनों को हिरासत में लेकर की जा रही पूछताछ
बलिया। मृतकों के शव को लेकर परिजन घर पहुंचे और रात में ही ग्रामीणों के साथ एनएच-31 जाम कर दिया था। इसके बाद पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। घटना को अंजाम देने के डेढ़ घंटे बाद पुलिस के पहुंचने पर ग्रामीणों में काफी आक्रोश था। करीब तीन घंटे तक एनएच-31 पर जाम लगा रहा। नरहीं थानाध्यक्ष सुनील चन्द्र तिवारी के 24 घंटे में आरोपियों के गिरफ्तार करने के लिखित आश्वासन के बाद रात साढ़े बजे जाम समाप्त किया। मौके पर एसपी डॉ. ओमवीर सिंह, एएसपी कृपाशंकर, के साथ कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। सुबह से ही पुलिस टीम क्षेत्र में जमी रही। आरोपियों के परिजनों को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है।
पूछताछ करने गए युवकों को उतारा मौत के घाट
बलिया। सिकंदरपुर गांव निवासी पूर्व प्रधान भोरिक गुप्ता के पुत्र जीतू गुप्ता ने बताया कि कोटवा नारायणपुर कनुआन रोड पर बीयर तथा देशी शराब की दुकान है। मैं दूध लेने के लिए गया था। देखा कि कोटवा नारायणपुर के कुछ लड़के आपस में उलझे हुए हैं। जैसे ही वहां पहुंचा आरोपियों ने मेरे ऊपर कुल्हाड़ी से वार कर दिया। इससे वहीं पर बेहोश हो गया। इसकी सूचना चचेरे भाई प्रशांत गुप्ता को हुई तो गोलू वर्मा को लेकर वहां पहुंचे। पूछताछ की तो आरोपियों ने उनके ऊपर भी कुल्हाड़ी से गर्दन और पेट पर कई वार कर दिए। इससे प्रशांत गुप्ता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गोलू वर्मा ने बक्सर ले जाते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
बेटे का जन्मदिन नहीं मना सका प्रशांत
बलिया। जीतू ने बताया कि 20 दिन पहले भी आरोपियों से उसका विवाद हुआ था। प्रशांत गुप्ता पटना में प्राइवेट इलेक्ट्रिशियन का काम करता था। उसके डेढ़ साल के पुज्ञ अयान का दो जनवरी को जन्मदिन था। जन्मदिन मनाने के लिए एक जनवरी को ही वह घर आया था। लेकिन उसे क्या पता था कि जिस बेटे का जन्मदिन मनाने आया हुआ है, वह उसका जन्मदिन नहीं मना सकेगा। जबकि उसके पिता लक्ष्मण गुप्ता बाजार में पान की दुकान चलाते हैं।
किराना की दुकान चलाता था गोलू
बलिया। जीतू ने बताया कि गोलू वर्मा का घर बगल में ही है। गोलू वर्मा किराना की दुकान चलाता था। उसके पिता का साया पहले ही उठ चुका था। छोटे भाई भोलू और पांच बहनों में अंशू, प्रियंका, अर्चना, मानसी, ज्योति है। घटना के बाद मां उर्मिला बेसुध हो गई हैं। घटना के बाद परिवार के भरण पोषण की जिम्मेदारी भोलू के कंधे पर आ गई है।
चल रहे गिरोह का बहुत पहले से है आतंक
बलिया। साल के पहले दिन इसके पहले भी एक हत्या हो चुकी है। उस मामले में भी पुलिस ने कुछ नहीं किया। कोटवा नारायणपुर निवासी विशाल कुमार (18) पुत्र राजेश कुमार को एक जनवरी 2020 को नसीरपुर मठ गांव के सामने नाव पर सवार शराब तस्करों ने मारने पीटने के बाद गंगा नदी में फेंक दिया था। इससे उसकी मौत हो गई। इसकी शिकायत नरहीं थाने पर की गई। कुछ माह बीतने के बाद कोरोना काल आ गया और मामला ठंडे बस्ते में चला गया। इस बार भी अब तक आरोपियों पर कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों में जबरदस्त आक्रोश है। पुलिस की कार्यशैली को लेकर ग्रामीणों में गुस्सा रहा।
डॉयल 100 का कैमरा खोलेगा राज
बलिया। नरही थाना के सिकंदपुर में जाम के समय पुलिस अफसरों ने मौके पर पहुंचते ही डॉयल 100 का कैमरा चालू करवा दिया। सूत्रों की माने तो रिकॉर्डिंग में पूरी घटना कैद हो चुकी है। अब पुलिस इसके आधार पर पत्थरबाजी करने व हमला करने वालों की पहचान कर बड़ी कार्रवाई कर सकती है।

