बलिया: शार्ट सर्किट से दो दुकानों में लगी आग, लाखों का सामान हुआ राख, बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप

0

बलिया: शार्ट सर्किट से दो दुकानों में लगी आग, लाखों का सामान हुआ राख, बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप

बलिया। फेफना थाना क्षेत्र के मुलायम नगर स्थित दो दुकानों में बिजली विभाग की लापरवाही के कारण शार्ट सर्किट से आग लग गई। जिसके कारण लाखों रुपए का सामान जल कर राख हो गया। घटना की जानकारी दुकानदारों को रविवार की सुबह दुकान खोलने के दौरान हुई। जिसके बाद अफरा तफरी मच गई।
बताया जाता है कि फेफना थाना क्षेत्र के निधरिया नई बस्ती निवासी अभिनव कुमार सिन्हा की मुलायम नगर स्थित एवं फेफना थाना के ही पकड़ी गांव निवासी नीरज कांत यादव की रवि इंटरप्राइजेज के नाम से एक ही मकान में दुकान है। प्रतिदिन की तरह शनिवार को दोनों दुकानदार अपनी अपनी दुकान बन्दकर घर चले गए। इसी बीच शनिवार की देर रात बलिया- गड़वार रोड से कोई ट्रक गुजरा जो नीचे लटके विद्युत तारों को तोड़ते हुए चला गया। उधर, शार्ट सर्किट से दोनों दुकानों में पहले मीटर और इसके बाद पूरी वायरिंग में आग लग गई। जिसमें पंखा, एलईडी, इनवर्टर, बैटरी सहित लाखों रुपए के सामान जलकर राख हो गए। रविवार की सुबह जब दुकानदार नीरज कांत यादव दुकान खोलने पहुंचे तो नीचे स्थित एनसीबी को जला देख दौड़कर दुकान खोलने गए, जहां पूरा दुकान धुएं से भरा हुआ था। जब अंदर प्रवेश किया तो मीटर सहित कई उपकरण जलकर राख हो गए थे। उन्होंने इस घटना की सूचना नीचे दुकानदार अभिनव कुमार सिन्हा को दी। इसके बाद अभिनव भी अपनी दुकान पर पहुंचे और दुकान खोला तो पूरा दुकान व गोदाम धुंए से भरा हुआ था। मीटर व कई उपकरण जलकर राख हो चुके थे। संयोग अच्छा था कि गोदाम में आग नहीं लगी, लेकिन लाखों रुपए के सामान जलकर नष्ट हो गए थे। दोनों दुकानदारों ने विद्युत विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। बताया कि कई बार बिजली विभाग के कर्मचारियों से कहने के बाद भी जर्जर एवं नीचे लटके तारों को ना तो दुरुस्त किया गया और ना ही उसे ऊपर उठाया गया। जिसके कारण दोनों दुकानों में आग लग गई। दुकानदारों ने बिजली विभाग से मांग किया कि तत्काल जर्जर तार को दुरुस्त किया जाए व नीचे लटके तारों को ऊपर किया जाए। जिससे कोई अप्रिय घटना घटित ना हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *