बलिया में फर्जी रेलवे अफसर बन धोखाधड़ी करने का आरोपी गिरफ्तार

बलिया में फर्जी रेलवे अफसर बन धोखाधड़ी करने का आरोपी गिरफ्तार
बिहार निवासी आरोपी प्रयागराज और वाराणसी में कर चुका है धोखाधड़ी
बलिया। जिले की पुलिस ने रेलवे में नौकरी व स्क्रैप का ठेका दिलाने के नाम पर फर्जी रेलवे अधिकारी बनकर धोखाधड़ी करने वाला बिहार के कपसिया थाना कोचस जनपद रोहतास निवासी राजीव रंजन मिश्रा पुत्र अंगद प्रसाद मिश्रा को पॉलिटेक्निक परिसर से फिरफ्तार कर लिया। उसके पास से पुलिस ने एक कार, तीन पुलिन्दा जिसमें से एक पुलिन्दे में दो नम्बर प्लेट व एक पारदर्शी डिब्बे में पांच हजार रुपये व एक फर्जी रेलवे का आईकार्ड, एक बैग में चार चेक बुक, समस्त प्रपत्र, एक मोबाइल, एक टैबलेट बरामद किया है।
प्रभाकर तिवारी पुत्र स्व जगदीश नारायण तिवारी निवासी सारंगपुर बहरिया गंगानगर जनपद प्रयागराज से एडीआरएम बनकर रेलवे में स्क्रैप का ठेका दिलवाने के नाम पर 1.5 लाख हड़पने व इन्द्रकान्त मिश्रा पुत्र स्व बड़ेलाल निवासी सिगरा वाराणसी से सीनियर सेक्शन इंजीनियर बनकर रेलवे में नौकरी दिलवाने के नाम पर 17.9 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने और पैसा वापस करने के नाम पर राजीव रंजन मिश्रा द्वारा बलिया में बुलाकर धमकी देने की तहरीर बलिया कोतवाली में दी। जिसपर कोतवाली पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली।
पुलिस अधीक्षक विक्रान्त वीर ने आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए अपर पुलिस अधीक्षक कृपा शंकर, क्षेत्राधिकारी नगर गौरव शर्मा के नेतृत्व में टीम बनाई थी।
नगर कोतवाली पुलिस टीम के उप निरीक्षक मिथिलेश कुमार ने सहयोगी पुलिसकर्मियों की मदद से आरोपी राजीव रंजन मिश्रा पुत्र अंगद प्रसाद मिश्रा को गिरफ्तार किया।
