बलिया वसूली कांड: जांच टीम जुटी केस मजबूत करने में, दो होंगे सरकारी गवाह

0

बलिया वसूली कांड: जांच टीम जुटी केस मजबूत करने में, दो होंगे सरकारी गवाह

पन्नेलाल समेत कईयों ने जमानत के लिए किया हाईकोर्ट का रूख

एक पखवारा बाद भी पुलिस की पकड़ से पुलिस दूर
बलिया। जिले के नरही थाना वसूली कांड में निलंबित एसओ पन्नेलाल और सिपाही विष्णु यादव समेत कई आरोपियों की जमानत अर्जी वाराणसी में प्रभारी विशेष न्यायाधीश भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम (प्रथम) रजत वर्मा की कोर्ट में ख़ारिज हो चुकी है। हालांकि कुछ की सुनवाई 12 अगस्त को है। पन्नेलाल समेत कई आरोपियों की जमानत के लिए हाईकोर्ट में कवायद शुरु है। इसको लेकर जांच टीम केस मजबूत करने में जुटी है। टीम लगातार नरही क्षेत्र में आ रही है और जांच के साथ ही पुलिस दलाल की कड़ी में शामिल लोगों को चिह्नित कर रही है। सूत्रों की मानें तो जांच टीम ने केस मजबूत करने के लिए दो लोगों को सरकारी गवाह बनाया है। उधर, वसूली कांड के बाद से ही कोरंटाडीह चौकी प्रभारी समेत कई आरोपी पुलिसकर्मी पुलिस पकड़ से दूर हैं। जबकि घटना के एक पखवारा से अधिक समय बीत चुके हैं।
बता दें कि एडीजी वाराणसी व डीआईजी आजमगढ़ ने 24 जुलाई की रात में बलिया के नरही थाना क्षेत्र स्थित भरौली चौराहा पर छापेमारी की थी। इस दौरान अवैध वसूली करने वाले दो सिपाहियों समेत 18 को मौके स्व गिरफ्तार किया था। बाद में पुलिस ने नरही एसओ और हेड कांस्टेबल को भी पकड़ लिया था। इसी बीच कोरंटाडीह चौकी का फालोवर भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस आरोपियों को 55 घंटे का रिमांड लेकर पूछताछ कर चुकी है। इस दौरान कई तथ्य पुलिस के हाथ भी लगे जिसके आधार पर जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *