बलिया में शव रख किया सड़क जाम, विधायक व अधिकारियों ने कराया मामला शांत

बलिया में शव रख किया सड़क जाम, विधायक व अधिकारियों ने कराया मामला शांत
बलिया। बांसडीह थाना क्षेत्र के सहतवार कस्बा में सोमवार को मारपीट के दौरान विनोद राजभर की हत्या हुई थी। पोस्टमार्टम के बाद मंगलवार की देर शाम विनोद का शव घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शव का अंतिम संस्कार करने से इंकार करते हुए सहतवार-रेवती मुख्य मार्ग पर चक्का जाम कर दिया। हालांकि जाम जल्द ही समाप्त हो गया। परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी, उनका एनकाउंटर तथा परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की। उधर, देरशाम तक विधायक केतकी सिंह, एसडीएम और सीओ ने परिजनों व ग्रामीणों से बातचीत कर कार्रवाई और मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजन बुधवार की सुबह अंतिम संस्कार करने को राजी हुए। बुधवार की सुबह परिजनों ने गांव के बाहर स्थित श्मशान घाट पर विनोद का अंतिम संस्कार कर दिया।बताया जाता है कि पोस्टमार्टम के बाद मंगलवार की शाम विनोद राजभर का शव सहतवार-रेवती मुख्य मार्ग पर पहुंचा तो परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में पहुंच गए। लोगों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सड़क पर जाम लगा दिया। हालांकि पुलिस ने समझा-बुझाकर कुछ देर में ही जाम समाप्त करा दिया और शव को घर पहुंचाया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तारी और उनके खिलाफ ठोस कार्रवाई की मांग की। इसी बीच विधायक केतकी सिंह के अलावा पूर्व विधायक शिवशंकर चौहान, एसडीएम बांसडीह पुष्कर मिश्र, सीओ बांसडीह जयशंकर मिश्र और अजय सिंह मौके पर पहुंचे। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने परिजनों और ग्रामीणों को समझाया।
