बलिया रेलवे स्टेशन पर बना तीन अस्थायी यात्री आश्रय स्थल, पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी की कवायद

0

बलिया रेलवे स्टेशन पर बना तीन अस्थायी यात्री आश्रय स्थल, पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी की कवायद

बलिया। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर यात्रियों की संभावित अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल के रेल प्रबंधक आशीष जैन के निर्देशन में बलिया रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं, सुरक्षा एवं भीड़ प्रबंधन के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। इसी क्रम में यात्रियों की सुविधा एवं भीड़ को व्यवस्थित करने के उद्देश्य से बलिया रेलवे स्टेशन परिसर में तीन अस्थायी यात्री आश्रय स्थल (होल्डिंग एरिया) बनाए गए हैं। इनमें 20फीट×50फीट (1000 वर्गफीट) आकार के दो तथा 20फीट×75फीट (1500वर्गफीट) आकार का एक यात्री आश्रय स्थल बनाये गये है। इन तीनों आश्रय स्थलों में एक साथ लगभग 260 यात्रियों के बैठने एवं ट्रेनों की प्रतीक्षा करने की क्षमता है।बलिया रेलवे स्टेशन पर बनाए गए इन अस्थायी यात्री आश्रय स्थलों में यात्रियों की सुविधा के लिए विद्युत प्रकाश एवं पंखों की समुचित व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही शुद्ध पेयजल, प्राथमिक चिकित्सा एवं मोबाइल यूटीएस टिकटिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है जिससे यात्रियों को टिकट प्राप्त करने के लिए अनावश्यक कतारों में खड़ा न होना पड़े। ट्रेनों के आगमन एवं प्रस्थान की जानकारी उपलब्ध कराने के लिए यात्री आश्रय स्थलों में जन उद्घोषणा प्रणाली के स्पीकर एवं वीडियो पैनल लगाए गए हैं, जिनके माध्यम से यात्रियों को समय-समय पर आवश्यक सूचनाएं दी जा रही हैं।बलिया रेलवे स्टेशन पर निर्मित इन होल्डिंग एरिया में यात्रियों के बैठने एवं प्रतीक्षा करने की समुचित व्यवस्था की गई है, ताकि बलिया रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्मों पर अनावश्यक भीड़ एकत्रित न हो और यात्रियों का आवागमन सुचारु बना रहे। छठ महापर्व पर बलिया आने-जाने वाले यात्रियों के लिए ये अस्थायी यात्री आश्रय स्थल काफी उपयोगी साबित हो रहे हैं।बलिया रेलवे स्टेशन परिसर में यात्रियों के सुगम आवागमन के लिए सर्कुलेटिंग एरिया को वाहनमुक्त रखने के विशेष प्रबंध किए गए हैं। बलिया रेलवे स्टेशन के प्रवेश एवं निकास मार्गों का समुचित प्रबंधन करने के साथ ही प्लेटफार्मों पर सीमांकन एवं बैरीकेडिंग की गई है। बलिया रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सहायता एवं मार्गदर्शन के लिए ‘मे आई हेल्प यू’ सहायता बूथ 24 घंटे संचालित किए जा रहे हैं। टिकट वितरण व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए बलिया रेलवे स्टेशन पर अतिरिक्त टिकट काउंटर खोले गए हैं तथा एटीवीएम एवं एमयूटीएस के संचालन हेतु पर्याप्त संख्या में फैसिलिटेटर नियुक्त किए गए हैं। इसके अतिरिक्त, त्वरित भुगतान के लिए सामान्य एवं आरक्षण टिकट काउंटरों पर क्यूआर कोड की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।बलिया रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा एवं भीड़ नियंत्रण के लिए सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से 24 घंटे निगरानी की जा रही है। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) एवं राज्य पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर बलिया रेलवे स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ किया गया है। महिला यात्रियों की सुरक्षा के लिए विशेष महिला टीम तैनात की गई है। बलिया रेलवे स्टेशन के फुट ओवरब्रिज एवं प्लेटफार्मों पर अनावश्यक भीड़ एकत्रित होने से रोकने तथा यात्रियों को कतारबद्ध तरीके से आवागमन कराने के लिए पर्याप्त संख्या में रेलवे सुरक्षा बल के जवानों की ड्यूटी लगाई गई है।इसके अतिरिक्त, मंडल नियंत्रक कक्ष/वाराणसी एवं बलिया रेलवे स्टेशन पर 24 घंटे निगरानी के लिए मिनी कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। बलिया रेलवे स्टेशन पर संबंधित रेल अधिकारियों एवं वरिष्ठ पर्यवेक्षकों की शिफ्टवार ड्यूटी लगाई गई है। वहीं, वाराणसी स्थित मंडल मुख्यालय के कंट्रोल रूम से भी बलिया रेलवे स्टेशन की गतिविधियों एवं यात्रियों की आवाजाही पर लगातार नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके। यह जानकारी जनसम्पर्क अधिकारी, वाराणसी महेश गुप्ता ने दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *