बलिया में आकाशीय बिजली से तीन युवक झुलसे, एक गंभीर
बलिया में आकाशीय बिजली से तीन युवक झुलसे, एक गंभीरबलिया। हल्दी थाना क्षेत्र के बबुआपुर (कठही) गांव के पासबुधवार सुबह तीन युवक आकाशीय बिजली की चपेट में आने से झुलस गए। इसमें एक युवक की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने वाराणसी रेफर कर दिया, जबकि दो को उपचार के बाद घर भेज दिया गया।बताया जाता है कि हल्दी थाना क्षेत्र के बबुआपुर (कठही) गांव के रितेश कुमार पासवान 19 पुत्र परमहंस पासवान, रवि पासवान 18 पुत्र नंदजी पासवान, छोटू पासवान 19 पुत्र गणेश पासवान व आशीष पासवान 18 पुत्र कृष्ण पासवान सेना भर्ती की तैयारी के लिए रोजाना दौड़ लगा अभ्यास करते हैं। बुधवार की सुबह भी चारों युवक दौड़ का अभ्यास कर घर लौट रहे थे। सभी युवक ज्योंही गांव से दक्षिण स्थित डीह बाबा स्थान के पास पहुंचे अचानक मौसम बदल गया और तेज बारिश शुरू हो गई। इसी बीच आकाशीय बिजली की चपेट में रितेश, रवि और छोटू आकर झुलस गए जबकि आशीष बाल-बाल बच गया। आशीष ने किसी तरह गांव पहुंचकर ग्रामीणों और परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनवानी पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने तीनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में रितेश की हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने उन्हें इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया।
