बलिया में बेपटरी हुई बिजली आपूर्ति के विरोध में घेरा सब स्टेशन, एक सप्ताह का मिला आश्वासन

बलिया में बेपटरी हुई बिजली आपूर्ति के विरोध में घेरा सब स्टेशन, एक सप्ताह का मिला आश्वासन
बलिया। पड़ रही भीषण गर्मी के बीच जिले के अधिकांश इलाकों में बिजली की आपूर्ति ध्वस्त हो गई है। इससे बिजली निगम की तैयारियों की पोल भी खुलने लगी है। सोहांव ब्लॉक के बसंतपुर विद्युत उपकेंद्र से जुड़े 20 गांवों के ग्रामीणों ने शुक्रवार को उपकेंद्र का घेराव किया। बिजली निगम के अधिकारियों ने एक सप्ताह में व्यवस्था सुधारने का आश्वासन दिया तब जाकर ग्रामीणों ने धरना स्थगित किया।
बताया जाता है कि सोहांव ब्लॉक के बसंतपुर विद्युत उपकेंद्र से जुड़े 20 गांवों में बीते एक पखवारा से बिजली की आपूर्ति बेपटरी हो चुकी है। आपूर्ति शुरू होने के कुछ मिनट बाद ही कट होना आम बात हो गई है। इसको लेकर ग्रामीणों का आक्रोश शुक्रवार को फुट पड़ा और गड़हा विकास मंच के अध्यक्ष चंद्रमणि राय के नेतृत्व में बसंतपुर विद्युत उपकेंद्र पर पहुंचे और घेराव कर दिया। दोपहर होते होते विभिन्न गांवों के सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। लोगों ने बिजली निगम के अफसरों के खिलाफ नारेबाजी की। मौके पर पहुंचे बिजली निगम के अवर अभियंता व एसडीओ ने आश्वासन दिया कि एक सप्ताह में व्यवस्था दुरुस्त कर दिया जायेगा। इसके बाद ग्रामीणों ने धरना स्थगित किया।
