बलिया में मिले अज्ञात शव का पुलिस ने किया खुलासा, ब्लैकमेलिंग के चलते हुई हत्या

बलिया में मिले अज्ञात शव का पुलिस ने किया खुलासा, ब्लैकमेलिंग के चलते हुई हत्या
बलिया। स्वाट टीम व रसड़ा पुलिस ने बरामद अज्ञात शव का रविवार को खुलासा करते हुए महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। शव की पहचान पंकज गुप्ता पुत्र जगन्नाथ गुप्ता निवासी लाहीडीह थाना फूलपुर, जनपद आजमगढ़ के रूप में हुई थी। आरोपियों ने हत्या कर शव को ठिकाने लगा दिया था। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम व पता मनीष सिंह निवासी चिलकहर, थाना गड़वार, बलिया, विजय पाल सिंह निवासी सिकहुला, थाना सरायमीर, आजमगढ़ तथा अंजनी सिंह निवासिनी सिकहुला, थाना सरायमीर, आजमगढ़ बताया। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर मृतक का मोबाइल फोन, दो खाली तेजाब की बोतलें तथा घटना में प्रयुक्त यूनिकॉर्न होंडा मोटरसाइकिल बरामद किया।
बता दें कि बीते 10 फरवरी को रसड़ा क्षेत्र के चिलकहर-नत्थोपुर लोहटा मार्ग के पास कुश ग्राम लोहटा में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला था। शव की पहचान व घटना के खुलासे के लिए पुलिस की विशेष टीम गठित की गई थी। पूछताछ में सामने आया कि मृतक का विजय पाल सिंह की बहन रेखा सिंह से संबंध थे। मृतक के पास कुछ आपत्तिजनक फोटो और वीडियो होने के कारण वह रेखा पर दबाव बना रहा था। इसी बात को लेकर रेखा ने प्रेमी पति अरुण कुमार सोनी, भाई विजय पाल सिंह, भाभी अंजनी सिंह तथा मनीष सिंह को जानकारी दी। बीते पांच फरवरी को चिलकहर में शादी समारोह के दौरान पांचों ने मिलकर पंकज गुप्ता की हत्या की साजिश रची और सात फरवरी को मृतक को बहाने से बुलाकर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद उसके बैग व कपड़ों को जला दिया तथा मोबाइल फोन को दूर फेंक दिया था, जिसे पुलिस ने बरामद किया। विवेचना में अरुण कुमार सोनी निवासी नियाउज, थाना फूलपुर, आजमगढ़ तथा रेखा सिंह निवासिनी नियाउज, थाना फूलपुर, आजमगढ़ का नाम भी प्रकाश में आया है। उनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
आरोपी विजय पाल सिंह के विरुद्ध पूर्व में आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट व आबकारी अधिनियम के तहत तीन मुकदमे थाना सरायमीर, आजमगढ़ में दर्ज हैं।
