बलिया में चिकित्सक से दुर्व्यवहार का आरोप, मुकदमा दर्ज
बलिया में चिकित्सक से दुर्व्यवहार का आरोप, मुकदमा दर्ज
बलिया। सीएचसी बांसडीह पर तीन दिनों पहले घायल महिला को जिला अस्पताल रेफर करने पर उसके पति द्वारा चिकित्सक के साथ दुर्व्यवहार का आरोप डॉक्टर ने लगाया है। डॉक्टर की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।डा. वीर बहादुर ने पुलिस को दिए तहरीर में उल्लेख किया है कि 23 नवंबर को कस्बे के वार्ड नंबर दो निवासी चंदन भारती अपनी घायल पत्नी को लेकर सीएचसी पहुंचे थे। डॉक्टर और उनके सहयोगी महिला का उपचार, मरहम-पट्टी व टांके लगा रहे थे। महिला की चोट गंभीर होने के कारण रक्तस्राव नहीं रुक रहा था। इसके चलते उसे जिला अस्पताल रेफर किया जा रहा था। रेफर करने की बात पर चंदन भारती नाराज हो गया और चिकित्सक के साथ दुर्व्यवहार करने लगा। आरोप है कि जाते समय उसने डॉक्टर को धमकी भी दी। डॉक्टर ने घटना की लिखित सूचना पुलिस को दी थी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
