बलिया में कार्तिक पूर्णिमा स्नान को लेकर 23 व 24 नवंबर को रहेगा रूट डायवर्ट, भारी वाहनों की नो-एंट्री
बलिया में कार्तिक पूर्णिमा स्नान को लेकर 23 व 24 नवंबर को रहेगा रूट डायवर्ट, भारी वाहनों की नो-एंट्री
बलिया। कार्तिक पूर्णिमा स्नान को लेकर गंगा घाटों और शहर के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन की ओर से यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। यह व्यवस्था 23 नवंबर की सुबह आठ बजे से 24 नवंबर की रात 12 बजे तक लागू रहेगा। हालांकि इमरजेन्सी सेवा जैसे फायर सर्विस, एम्बुलेन्स, प्रशासनिक वाहनों के लिए छूट रहेगी ।
पुलिस प्रशासन ने शहर में जाम से राहत दिलाने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए विस्तृत रूट डायवर्जन, बैरियर तथा पार्किंग व्यवस्था निर्धारित की है। इसके तहत दुबहड़, बांसडीह रोड, हनुमानगंज, फेफना और अगरसंडा के पास भारी वाहनों को रोक दिया जाएगा। बैरिया की तरफ से आने वाले भारी वाहन दुबहड़ थाने के पास रोके जाएंगे। नरहीं और फेफना जाने वाले वाहनों को चिरैया मोड़ से सहतवार, बांसडीह, सुखपुरा और गड़वार होते हुए भेजा जाएगा। इसी तरह रेवती, सहतवार और बांसडीह की तरफ से आने वाले वाहनों को बांसडीह रोड थाने के पास रोका जाएगा। सिकंदरपुर से आने वाले भारी वाहनों के लिए हनुमानगंज चौकी और रसड़ा-नरहीं की तरफ से आने वाले वाहनों के लिए फेफना तिराहा पर बैरियर रहेगा।
इसके अलावा श्रद्धालुओं के चार और तीन पहिया वाहनों के लिए 23 नवंबर दोपहर तीन बजे से स्नान समाप्ति तक अलग-अलग स्थानों पर बैरियर और पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। बांसडीह की तरफ से आने वाले वाहन अमृतपाली स्थित होलीक्रॉस स्कूल के पास रोके जाएंगे।
पॉलिटेक्निक चौराहे से आने वाले वाहनों को पॉलिटेक्निक मैदान में पार्क कराया जाएगा, जहां 700 से 800 वाहनों की क्षमता है।
सिकंदरपुर, सुखपुरा और खेजुरी की तरफ से आने वाले वाहनों को बहादुरपुर पुलिया से जनेश्वर मिश्र पार्क रोड की तरफ डायवर्ट किया जाएगा।
गड़वार और नगरा की तरफ से आने वाले वाहनों के लिए सावित्री नगर कॉलोनी के पास बैरियर रहेगा। यहां सलोनी ब्यूटी पार्लर वाली गली में 100 से 150 वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
रसड़ा, नरहीं, चितबड़ागांव और फेफना की तरफ से आने वाले वाहनों को माल्देपुर मोड़ से पार्किंग स्थल की ओर भेजा जाएगा।
वहीं बैरिया, हल्दी और दुबहड़ की तरफ से आने वाले वाहनों को पिपरा माफी ढाला से डायवर्ट कर जमुआ बंधे तक खड़ा कराया जाएगा।
—————
इन स्थानों पर रोकी जाएगी ई-रिक्शा
बहादुरपुर से शहर की तरफ आने वाले ई-रिक्शा को कुँवरसिंह चौराहे पर बैरियर लगाकर रोका जायेगा ।
फेफना, सागरपाली व माल्देयपुर से शहर की तरफ आने वाले ई –रिक्शा को चित्तू पांडेय चौराहे पर बैरियर लगाकर रोका जायेगा ।
हल्दी,दुबहड़ से शहर की ओर आने वाले ई-रिक्शा को पिपरा माफी ढाला के पास बैरियर लगाकर रोका जायेगा।
बांसडीह रोड से शहर में आने वाले ई-रिक्शा को एनसीसी तिराहा के पास रोका जायेगा।
मिढ्ढा से शहर में आने वाले ई-रिक्शा को रोडवेज बस स्टैण्ड तिराहा के पास रोका जायेगा ।
