बलिया में कार्तिक पूर्णिमा स्नान 24 को, लाखों की होगी भीड़, डीएम-एसपी ने लिया जायजा
बलिया में कार्तिक पूर्णिमा स्नान 24 को, लाखों की होगी भीड़, डीएम-एसपी ने लिया जायजाबलिया। कार्तिक पूर्णिमा स्नान 24 नवंबर को होगा। इसके लिए श्रद्धालुओं की भीड़ 23 को ही जुटेगी और आधी रात के बाद स्नान भी शुरू करेंगे। इसके साथ ही बलिया का ऐतिहासिक ददरी मेला आरंभ हो जाएगा। इसे शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए शुक्रवार को डीएम ज्ञानेंद्र सिंह एवं पुलिस अधीक्षक डॉ ईरज राजा ने घाट का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने घाट पर श्रद्धालुओं की सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सिटी मजिस्ट्रेट आसाराम वर्मा को निर्देश दिया कि घाट पर साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, महिलाओं को चेंजिंग व्यवस्था, पर्याप्त मात्रा में नाव की व्यवस्था और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था एवं विभिन्न स्थानों पर होल्डिंग, बैनर समय से सुनिश्चित कराई जाए। उन्होंने कहा कि स्नानार्थियों के लिए जहां- जहां स्नान स्थल चिह्नित किए गए हैं, वहां विशेष रूप से साफ-सफाई और रोशनी की समुचित व्यवस्था होनी चाहिए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।इसके बाद जिलाधिकारी ने ददरी मेले का भी निरीक्षण किया। उन्होंने मेले के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा- निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि कार्तिक पूर्णिमा स्नान और ददरी मेले में आने वाले श्रद्धालुओं एवं आमजन को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं निर्धारित समय से पहले पूरी कर ली जाएं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं के प्रति गंभीरता बरतने और लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए। इस मौके पर सिटी मजिस्ट्रेट आसाराम वर्मा, चेयरमैन संत कुमार गुप्ता उर्फ मिठाई लाल एवं अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।
