बलिया में कार्तिक पूर्णिमा स्नान को उमड़ा आस्था का सैलाब

बलिया में कार्तिक पूर्णिमा स्नान को उमड़ा आस्था का सैलाब
श्रद्धालुओं ने लिया ददरी मेला का आनंद
बलिया। महर्षि भृगु की धरा पर मंगलवार को कार्तिक पूर्णिमा स्नान को आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। नगर समेत जिले के विभिन्न गंगा घाटों पर लाखों श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई। इसके साथ ही दान-पुण्य कर मंगल कामना की। नगर क्षेत्र में श्रद्धालुओं ने बाबा बालेश्वर नाथ तथा महर्षि भृगु और उनके शिष्य दर्दर मुनि की समाधि पर मत्था टेका और पूजा अर्चना की। इसके बाद ऐतिहासिक ददरी मेले का लुत्फ उठाया। नगर से सटे शिवरामपुर गंगा घाट पर सोमवार की आधी रात से ही श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया। शिवरामपुर गंगा संगम तट पर पहुंचे लोगों ने सोमवार की आधी रात बाद से ही गंगा नदी में डुबकी लगाना आरंभ कर दिया। श्रद्धालुओं ने स्नान करने के बाद सूर्य देव को अर्घ्य दिया और गंगा घाट पर जरूरतमंदों को दान भी किया। मंगलवार को यह क्रम पूरे दिन जारी रहा। स्नान से लौटने वाली की भीड़ से रेलवे स्टेशन व रोडवेज रात तक गुलजार रहे। एक साथ लोगों के पहुंचने से महर्षि भृगु की धरती बम-बम करती रही। महावीर घाट से संगम तट पर श्रद्धालुओं की भीड़ इतनी थी कि पूरे मार्ग में कहीं जगह नहीं दिख रही थी। एक तरफ से लोग गंगा तट पर चले जा रहे थे वहीं दूसरी ओर स्नान कर श्रद्धालु शहर की तरफ लौट रहे थे।उधर, नरही थाना क्षेत्र के उजियार, कोटवा नारायणपुर, भरौली, गोविंदपुरा, सोहांव, बड़का खेत पलिया खास आदि गंगा तट पर श्रद्धालुओं ने डुबकी लगाई। इसके अलावा हुकुम छपरा गंगा घाट समेत क्षेत्र के मझौवां, पचरुखिया, गंगापुर, चौबे छपरा, सुघर छपरा, दूबे छपरा, गोपालपुर, दयाछपरा, शतिघाट भुसौला आदि गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं ने गंगा में स्नान किया। श्रद्धालुओं ने स्नान करने के पश्चात मन्दिरों में पूजन अर्चन कर मंगल कामना की। नेशनल हाईवे पर लोगों के द्वारा बेतरतीब ढंग से वाहन खड़े कर देने से राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्ल छपरा से लेकर दया छपरा तक लगभग चार-पांच घंटे तक जाम लगा रहा। इसे लेकर पुलिस के पसीने छूटते नजर आए।

श्रद्धालुओं पर हेलिकाप्टर से बरसाए गए फूल
बलिया। कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर पहली बार हेलिकाप्टर से श्रद्धालुओं पर फूल बरसाए गए। इसके साथ ही भृगु मंदिर क्षेत्र में आसमान से गुलाब और गेंदा के फूलों की बारिश होते देख श्रद्धालु खुशी से झूम उठे और हर-हर गंगे के जयकारे लगाने लगे।
हेलिकाप्टर ने महर्षि भृगु मंदिर, बाबा बालेश्वर मंदिर व संगम तट पर श्रद्धालुओं पर फूल बरसाया

होती रही सीसीटीवी से निगरानी, गोताखोर व एनडीआरएफ भी रहे सक्रिय
शिवरामपुर गंगा घाट पर निगरानी के लिए 20 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे। एसडीआरएफ की टीमें व स्थानीय गोताखोर भी सक्रिय रहे। गंगा नदी में सुरक्षा के दृष्टिगत बैरिकेडिंग से श्रद्धालुओं ने बेफिक्र होकर डुबकी लगाई। शहर से लेकर घाट तक पूरे रास्ते प्रकाश की पर्याप्त व्यवस्था रही। 10 मोबाइल शौचालय तथा पेयजल के 10 टैंकर लगाए गए थे। दस गोताखोर, 20 नावें, 50 आपदा मित्र भी तैनात रहे।
