बलिया में गौशाला से गायब गायों व बरामद व्गी को लेकर सामने आ रहे कई तथ्य, पुलिस की खामोशी पर संदेह

बलिया में गौशाला से गायब गायों व बरामदगी को लेकर सामने आ रहे कई तथ्य, पुलिस की खामोशी पर संदेह
बलिया। जिले के प्रांतीय सीमावर्ती नरही थाना क्षेत्र पशु व शराब तस्करी के लिए वर्षों से कुख्यात है। दो दिनों पहले नरही पुलिस ने एक वाहन को पकड़ा जिस पर गाय व बछड़े लदे थे। पुलिस ने पशुओं को सोहांव स्थित गो आश्रय पर पहुंचा दिया। इसी बीच गौशाला से यही तीन चोरी हो गईं। हालांकि सोशल मीडिया पर मामला गरमाते ही नरही पुलिस ने बिहार से गायों को बरामद कर फिर गौशाला पहुंचा दिया। लेकिन इस पूरी घटना को अंजाम देने वाला मास्टरमाइंड पकड़ से दूर है।
सूत्रों की मानें तो सोहांव गौशाला से तीन गायों की चोरी की घटना के तार सीमावर्ती गाजीपुर जिले से जुड़ रहे हैं। सूत्र तो यह भी बता रहे कि गाजीपुर का युवक गौशाला से तीन गायों को पैदल ही लेकर भरौली पहुंचा और वहीं एक पशु तस्कर को बेच दिया। इसके बाद उसने गायों को भोजपुर में करीब एक लाख में बेचा। भोजपुर में गायों के होने की बात नगरपालिका चेयरमैन के सामने पशु व्यापारी ने भी बताई थी। सवाल उठता है कि गाजीपुर का युवक आखिर सोहांव गौशाला तक कैसे पहुंचा? क्या इस चोरी के पीछे कोई और भी शामिल है? सबसे बड़ा सवाल है कि भरौली चौराहा पर 24 घंटे रहने वाली नरही पुलिस के बीच से गायें बिहार कैसे पहुंची? सूत्र यह भी बता रहे कि पुलिस ने गायों को बिहार के एक पशु तस्कर के यहां से बरामद किया तो फिर उसकी गिरफ्तारी क्यों नहीं? आखिर नरही पुलिस किस राज को छिपा रही है? सूत्रों का दावा है कि इस पूरे घटनाक्रम में नरही पुलिस की भूमिका भी कम संदिग्ध नहीं है।
