बलिया में गौशाला से गायब गायों के मामले में नाटकीय मोड़, पुलिस ने किया बरामद, कोई गिरफ्तारी नहीं

बलिया में गौशाला से गायब गायों के मामले में नाटकीय मोड़, पुलिस ने किया बरामद, कोई गिरफ्तारी नहीं
गौशाला में लगे सीसीटीवी कैमरे ने खोली पोल, उठ रहे कई सवाल
बलिया। जिले का नरही थाना क्षेत्र पशु व शराब तस्करी के लिए कुख्यात है। दो दिनों पहले नरही पुलिस ने एक वाहन को पकड़ा जिस पर तीन गाय व बछड़े लदे थे। पुलिस ने पशु तस्करी मान गाय व बछड़ों को सोहांव स्थित गो आश्रय पर पहुंचा दिया। बताया जाता है कि वाहन चालक व अन्य लोग भाग निकले थे। इसी बीच अपने को पशु व्यापारी बताते हुए बलिया नगरपालिका अध्यक्ष से मिल कर शिकायत की। उसने यह भी बताया कि गौशाला से गायों को बिहार के भोजपुर में एक कसाई को बेच दिया गया है। नगरपालिका चेयरमैन ने तो नरही पुलिस व गौशाला संचालक पर मिलीभगत का आरोप भी लगाया। इसी बीच गौशाला संचालक ने पुलिस को तहरीर देकर गायों के चोरी होने का आरोप लगाया। पुलिस ने गौशाला में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज को खंगाला। जिसमें दो लोग मुंह बांध गायों को चुराते भी दिखे। यह मामला जब सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो पुलिस विभाग में खलबली मच गई और नाटकीय तरीके से नरही पुलिस ने गायब तीनों गायों को शुक्रवार को बरामद कर फिर गौशाला पहुंचा दिया। बता दें कि पुलिस ने बीते 25 नवंबर को पकड़कर गौशाला भेज था। सवाल उठता है कि आखिर इतनी जल्दी पुलिस ने गायों को कैसे बरामद कर लिया? जहां गायें थी वहां से किसी की गिरफ्तारी क्यों नहीं हुई? यही नहीं अपने को पशु व्यापारी बताने वाले जब गोरखपुर से बलिया ददरी मेला जा रहे थे तो नरही थाना क्षेत्र में क्यों पहुंचे? सूत्र तो यह भी बता रहे हैं कि पुलिस से ‘डील’ फेल होने के कारण ही मामला बढ़ता गया। उधर, सूत्र यह भी बता रहे कि सीसीटीवी कैमरे के फुटेज की जांच में पुलिस के हाथ कहीं 360 डिग्री पर न घूम जाए।
