बलिया में गंगा किनारे रेत खनन और भंडारण में नियमों की अनदेखी, खनन अधिकारी के मिलीभगत का आरोप
बलिया में गंगा किनारे रेत खनन और भंडारण में नियमों की अनदेखी, खनन अधिकारी के मिलीभगत का आरोप
गड़हा विकास मंच के अध्यक्ष ने डीएम को दिया पत्रक, जांच की मांग
बलिया। जिले के नरही थाना क्षेत्र के गंगा किनारे बेलसीपाह में हो रहे रेत खनन और भंडारण को लेकर गड़हा विकास मंच के अध्यक्ष ने नियमों के विपरीत बताया है। अध्यक्ष चन्द्रमणि राय ने डीएम को पत्रक देकर जांच कर कार्रवाई की मांग की है। यह भी बताया है कि खनन अधिकारी की मिलीभगत से यह खेल चल चल रहा है।
डीएम को दिए पत्रक में श्री राय ने उल्लेख किया है कि थाना नरही क्षेत्र के ग्राम सभा बेलसीपाह के नौबरार मौजा में गाटा सं0-3 में जयप्रकाश राय पुत्र स्व० बमरेश्वर राय निवासी ग्राम भरौली, थाना-नरही, जनपद-बलिया का सफेद बालू खनन का 5हे0 क्षेत्र में पट्टा आवंटित हुआ है। जबकि उक्त मौजे में बिना किसी सीमांकन और चिन्हाकंन के 5हे0 से अधिक जमीन पर खनन किया जा रहा है जो गलत है और सरकारी राजकोष का नुकसान हो रहा है। यहां से खनन किये गये बालू का ग्राम सभा गोविन्दपुर थाना नरही के गोबन्दपुर खास मौजे में भण्डारण किया जा रहा है। जो इन्ही के परिवार के अनिल कुमार राय पुत्र स्व० लक्ष्मीनारायण राय के नाम पर होता है यह भण्डारण में अवैध है। क्योंकि एक ही परिवार के व्यक्तियों द्वारा खनन एवं भण्डरण नहीं किया जा सकता है। खनन स्रोत से भण्डारण स्थल की दूरी 5 कि0मी0 से कम है जो नियम विरुद्ध है। खनन स्थल तक जाने के लिए कोई निजी मार्ग नहीं है और सार्वजनिक मार्ग का प्रयोग हो रहा है। इन सारी बातों की जानकारी खनन अधिकारी को भी है और इन्हीं के प्रश्रय में यह कारोबार सक्रिय है। अतः मामले की जांच कर कार्रवाई करने की कृपा करें। श्री राय ने इसकी शिकायत मुख्यमंत्री, राज्यपाल आदि को भी भेजा है।
