बलिया में एनएच पर ट्रेलर ने तोड़ा बिजली पोल, खाई में पलटा

बलिया में एनएच पर ट्रेलर ने तोड़ा बिजली पोल, खाई में पलटा
पांच दिन बाद फिर 35 गांवों में 13 घंटे ठप रही बिजली आपूर्ति
बलिया। नरही थाना क्षेत्र के एनएच स्थित बैरिया गांव के पास बुधवार की रात ओवरटेक करते समय ट्रेलर हाईटेंशन तार का खम्भा तोड़ने के बाद गड्ढे में चला गया। इसके बाद बसंतपुर विद्युत उपकेंद्र से जुड़े 35 गांवों में बिजली आपूर्ति 13 घंटे तक ठप रही। चालक और खलासी बाल बाल बच गए।
ट्रेलर चालक राजकुमार चौधरी (40) ने बताया कि वह अपने खलासी आदित्य के साथ गोरखपुर से बिहार लाल बालू लोड करने जा रहे थे। रात करीब दो बजे मगई नदी पुल से उत्तर रहे थे, तभी सामने से ओवरटेक कर एक ट्रक दाहिने तरफ आ गया और बचने के चक्कर में ट्रेलर हाईटेंशन खम्भा को तोड़ कर खाई में चला गया। हादसे में बिजली का खम्भा टूट गया और बसंतपुर विद्युत उपकेंद्र से 35 गांवों में बिजली आपूर्ति बंद हो गई। इसी तरह की घटना पांच दिन पहले भी हुई थी। खमीरपुरडीह में किसी ट्रक ने एचटी लाइनका खम्भा क्षतिग्रस्त कर दिया था, जिसके कारण 16 घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रही। अवर अभियंता प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि ट्रेलर के टक्कर से खम्भा टूट गया था। दूसरा खम्भा लगाकर बिजली आपूर्ति बहाल कर दिया गया है।
