बलिया की नरही पुलिस व आबकारी की शराब तस्करों पर बरस रही कृपा, फिर बिहार पुलिस ने पकड़ा शराब लदा ट्रक

बलिया की नरही पुलिस व आबकारी की शराब तस्करों पर बरस रही कृपा, फिर बिहार पुलिस ने पकड़ा शराब लदा ट्रक
बलिया। यूपी बिहार की सीमा पर शराब तस्करों पर नरही पुलिस और आबकारी विभाग की कृपा बरस रही है। हरियाणा और पंजाब से यूपी के नरही थाना क्षेत्र से तस्कर बेधड़क ट्रकों से शराब लेकर बिहार जा रहे हैं। यह बात अलग है की बिहार पहुंचते ही ये पकड़े जा रहे हैं। बीते एक पखवारे में तीन ट्रक शराब पार हुए जिसे बिहार पुलिस ने पकड़ा।
ताजा मामला शनिवार की है। बिहार के बक्सर जिला अंतर्गत औद्योगिक थाना पुलिस ने वीर कुंवर सिंह सेतु के समीप जांच अभियान के दौरान शराब की अब तक की सबसे बड़ी खेपों में से एक को बरामद कर बड़ी कामयाबी हासिल की। पुलिस ने ट्रक से आलू के बोरों के बीच छिपाकर ले जाई जा रही कुल 5,256 लीटर अवैध शराब बरामद की है. बरामद शराब की अनुमानित बाजार कीमत करीब 70 लाख रुपये बताई जा रही है। यह शराब हरियाणा के करनाल से बिहार के दरभंगा ले जाई जा रही थी। बिहार पुलिस के अनुसार वीर कुंवर सिंह सेतु के पास वाहनों की जांच शुरू की जा रही थी। इसी दौरान एक ट्रक यूपी की ओर आता हुआ दिखाई दिया। पहली नजर में ट्रक में केवल आलू लदे होने का आभास हुआ। लेकिन जब उसे औद्योगिक थाना क्षेत्र में ले जाकर विधिवत तलाशी ली गई तो बड़ा खुलासा हुआ। तलाशी में आलू के बोरों को हटाने पर नीचे भारी मात्रा में शराब छिपाई हुई पाई गई। पुलिस ने ट्रक चालक देवराज राम, निवासी बाड़मेर, राजस्थान को गिरफ्तार कर लिया और एक नाबालिग को भी निरुद्ध किया गया है। औद्योगिक थानाध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि तस्करी के इस पूरे नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं और शराब किन-किन रास्तों से खपाई जानी थी। जल्द ही इस मामले में और भी महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।
