बलिया में बदमाशों ने युवक को मारी गोली, गंभीर
बलिया में बदमाशों ने युवक को मारी गोली, गंभीर
बलिया। नगर पंचायत बेल्थरारोड में शनिवार की देरशाम बाइक सवार तीन बदमाशों ने युवक को गोली मार दी और भाग निकले। जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीयर पहुंचाया, जहां से चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार कर हालत नाजुक देख जिला अस्पताल भेज दिया। उधर सूचना मिलते ही उभाव थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और नाकेबंदी कर कार्रवाई में जुट गए।
बताया जाता है कि शनिवार की देरशाम यादव नगर मोहल्ला निवासी आयुष यादव (25) पुत्र बच्चा लाल यादव अपने घर के पास टहल रहा था। इस दौरान पहले से घात लगाए बाईक सवार बदमाशों ने आयुष को गोली मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों की मदद से घायल को सीएचसी सीयर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने रेफर कर दिया। इस बाबत उभांव इंस्पेक्टर संजय शुक्ल ने बताया कि घटना के बाद गोली से घायल युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। बदमाशों की घर-पकड़ के लिए संभावित स्थानों पर दबिश की कार्रवाई जारी है। शीघ्र ही आरोपी गिरफ्तार कर लिए जाएंगे।
