नरही थाना क्षेत्र से जारी है शराब तस्करी, फिर पार हुआ शराब लदा ट्रक, बिहार में पहुंचते जब्त

नरही थाना क्षेत्र से जारी है शराब तस्करी, फिर पार हुआ शराब लदा ट्रक, बिहार में पहुंचते जब्त
भरौली में पुलिस के साथ आबकारी विभाग भी संदेह के घेरे में
भरौली चौराहे पर स्थापित है आबकारी विभाग का चेकपोस्ट

बलिया। नरही थाना के भरौली-बक्सर के बीच गंगा पर बना वीर कुंवर सिंह सेतु शराब और पशु तस्करी के लिए मुफीद रास्ता बना हुआ है। इस रास्ते बेधड़क तस्करी होती है। जबकि नरही पुलिस हमेशा मौजूद रहती है। कुछ माह से शराब तस्करी रोकने के लिए आबकारी विभाग मे चेक पोस्ट भी स्थापित किया है। लेकिन इसके बावजूद शराब तस्करी जारी है। गुरुवार को एक ट्रक में खाद की बोरियों के बीच शराब रख गंगा पुल पार करते ही बिहार की सीमा मे बने
चेक पोस्ट पर पुलिस और उत्पाद विभाग की संयुक्त टीम ने उसे पकड़ लिया। टीम ने 60 लाख रुपए से अधिक मूल्य की अवैध शराब से भरे 16 चक्का ट्रक को जब्त कर लिया। इस दौरान दो लोगों को भी गिरफ्तार किया है। जांच के दौरान ट्रक से विभिन्न ब्रांडों की कुल 699 पेटी विदेशी शराब बरामद हुई।
बिहार पुलिस के अनुसार ट्रक में ऊपर से खाद की बोरियां लदी हुई थीं। इन बोरियों के बीच ट्रक के अंदर लोहे का एक बड़ा गुप्त बॉक्स बनाया गया था, जिसमें महंगे ब्रांड की शराब छिपाकर रखी गई थी। तस्करों की योजना थी कि ट्रक हरियाणा से बिहार में प्रवेश करने के बाद उसे तय स्थान पर छोड़ दिया जाएगा, जहां से आगे शराब की आपूर्ति की जाती।बक्सर के उत्पाद अधीक्षक अशरफ जमाल ने बताया कि बरामद शराब की कुल मात्रा 6165 लीटर है, जिसकी बाजार में कीमत 60 से 70 लाख रुपए आंकी गई है। यह भी बताया कि हरियाणा से बिहार में शराब की अवैध तस्करी का एक बड़ा नेटवर्क लगातार सक्रिय रहता है, लेकिन विभाग की निगरानी और गुप्त कार्रवाई के कारण उन्हें लगातार नुकसान उठाना पड़ रहा है। कार्रवाई के दौरान ट्रक चालक गौरव कुमार (निवासी उड़ा, मतलोड़ा, पानीपत) और खलासी मोहित कुमार (निवासी नयाबास, रोहतक) को गिरफ्तार किया गया है। दोनों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि उन्हें ट्रक में खाद होने की जानकारी दी गई थी और उन्हें केवल बिहार तक वाहन पहुंचाने का काम सौंपा गया था।
इन ब्रांड के थे शराब
बरामद शराब में 200 पेटी रॉयल चैलेंज (750 एमएल), 50 पेटी रॉयल चैलेंज (350 एमएल), 350 पेटी रॉयल ग्रीन (180 एमएल) और 99 पेटी रॉयल ग्रीन (750 एमएल) शामिल है। पुलिस ने बताया कि ट्रक पूरी तरह खाद से भरे वाहन जैसा दिख रहा था, लेकिन भीतर छुपाया गया यह स्टील का बॉक्स पेशेवर तस्करी के तरीके का संकेत देता है।
